- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- महिला के हाथ में फटा बम - खेत के...
महिला के हाथ में फटा बम - खेत के समीप शिकारियों ने रखा था सुअर मार बम

डिजिटल डेेस्क छिंदवाड़ा। मोहखेड़ के कुकड़ा किरार में शुक्रवार सुबह एक महिला के हाथ में विस्फोटक फट गया। जिससे महिला के एक हाथ में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक जांच में विस्फोटक सुअर मार बम बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जंगली सुअर को मारने शिकारियों द्वारा देशी बम खेत में फेंका गया था। जिसे उठाते ही उसमें धमाका हो गया। परिजनों ने घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया है। दरअसल इन दिनों खेत में फसल लगी हुई है जिसे खाने जंगल से सुअरों का झुंड खेतों की ओर आता है। सुअरों के शिकार के लिए शिकारियों द्वारा सुअर मार बम का उपयोग किया जाता है।
पुलिस ने बताया कि कुकड़ा किरार निवासी 45 वर्षीय मनसवती पति बैसाखू मर्सकोले शुक्रवार सुबह गांव के ही दिलीप अमरोदे के खेत में मजदूरी करने गई थी। मनसवती मवेशियों को बांध रही थी। इसी दौरान उसे पत्थरों के बीच एक बम दिखाई दिया। जिसे उसे हाथ में उठाया ही था कि उसमें धमाका हो गया। विस्फोटक फटने से उसका एक हाथ बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। गंभीर रुप से घायल महिला को अस्पताल लाने परिजनों ने 108 एम्बुलेंस पर कॉल किया। लम्बे इंतजार के बाद 108 एम्बुलेंस घटना स्थल पर पहुंची। तब उसे दोपहर लगभग एक बजे के बाद जिला अस्पताल लाया जा सका।
Created On :   21 March 2020 2:55 PM IST