जाने-माने लोगों को फॉलो कर पैसा कमाने के लालच में सीए ने गंवाए 2.85 लाख रुपए

जाने-माने लोगों को फॉलो कर पैसा कमाने के लालच में सीए ने गंवाए 2.85 लाख रुपए
सोशल मीडिया जाने-माने लोगों को फॉलो कर पैसा कमाने के लालच में सीए ने गंवाए 2.85 लाख रुपए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जाने माने लोगों को सोशल मीडिया पर फॉलो कर आसानी से कमाई करने का लालच एक महिला चार्टर्ड एकाउंटेंट को भारी पड़ गया। शुरुआत में कुछ पैसे देने के बाद ठग ने और मोटी कमाई का झांसा देकर निवेश का झांसा दिया और 2 लाख 85 हजार रुपए ठग लिए। महिला ने मामले को लेकर एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। ठगी का शिकार हुईं 30 वर्षीय आफरीन शेख ने बताया कि 25 नवंबर को उन्हें एक महिला ने फोन किया और दावा किया कि वह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी से बोल रही है। महिला ने शेख से कहा कि वे सोशल मीडिया पर कुछ प्रतिष्ठित व्यक्तियों को फॉलो करके अतिरिक्त कमाई कर सकती हैं। हर सेलिब्रिटी को फॉलो करने के लिए कमीनश दिया जाएगा। शेख ने हामी भर दी और बताए गए सेलिब्रिटी को सोशल मीडिया पर फॉलो कर लिया। इसके बाद उन्हें इसके लिए पहले 150 रुपए और फिर 50 रुपए बैंक खाते में भेजे गए। यह देखकर शेख का उत्साह बढ़ गया। इसके बाद महिला ने फिर शेख को फोन किया और कहा कि अगर वे जल्द मोटी कमाई करना चाहतीं हैं तो उन्हें ट्रेडिंग करना चाहिए। इसके लिए उन्हें इंस्टाग्राम पर एक एकाउंट फॉलो करने को कहा गया। शेख का भरोसा बढ़ गया था इसलिए उन्होंने 13 हजार रुपए का निवेश कर दिया और कुछ ही देर में शेख के खाते में 17900 रुपए आ गए। इसके बाद महिला ने फिर शेख से संपर्क किया और कहा कि अगर उन्हें और मोटी रकम कमानी है तो दूसरे लोगों के साथ मिलकर और बड़ा निवेश करना होगा। इस बार निवेश चार चरणों में होगा। पहली बार में 5 हजार, फिर 30 हजार, उसके बाद एक लाख और फिर डेढ़ लाख रुपए का निवेश करने पर उन्हें मोटी रकम मिलेगी। इस बार उनके साथ दूसरे लोगों भी इस योजना में निवेश करेंगे। शेख ने निवेश कर दिए लेकिन इस बार कोई पैसा वापस नहीं मिला। उसने महिला से संपर्क किया तो उसने कहा कि समूह से जुड़े कुछ लोगों ने 3 लाख रुपए का और निवेश किया है इसलिए उन्हें भी ऐसा ही करना होगा। तब तक उनकी रकम वापस नहीं मिलेगी। शेख को मामला गड़बड़ लगने लगा। उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शेख ने ग्रुप के दूसरे सदस्यों के संपर्क की कोशिश की लेकिन उनसे भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने  पुलिस में शिकायत की। पुलिस ठगी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर छानबीन कर रही है। 
 

Created On :   2 Dec 2022 10:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story