- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- इसी सप्ताह हो सकता है मंत्रिमंडल...
इसी सप्ताह हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार, सीएम से मिले विखेपाटील

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आखिरकार राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार का मुहूर्त निकला है। सूत्रों के अनुसार आगामी 14 जून को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। 17 जून से शुरु होने वाले विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले भाजपा नेतृत्व ने मंत्रिमंडल विस्तार का निर्णय लिया है। मंगलवार को विपक्ष के पूर्व नेता राधाकृष्ण विखेपाटील, कांग्रेस के बागी विधायक अब्दुल सत्तार, कालीदास कोलंबकर और राकांपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए विजय सिंह मोहिते पाटील ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। भाजपा में शामिल होने के लिए प्रतिक्षारत विखे पाटील सहित 7 से 8 लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किय़ा जाएगा। फिलहाल राज्य मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री के अलावा 18 कैबिनेट और 16 राज्यमंत्री हैं। नियमों के अनुसार राज्य में कुल 43 मंत्री हो सकते हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा के 6 और शिवसेना की तरफ से दो मंत्री बनाए जाएंगे। शिवसेना नेता व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रहे डा दीपक सावंत को विधान परिषद सदस्यता समाप्त होने के चलते मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इस रिक्त मंत्री पद के अलावा शिवसेना के खाते में एक और राज्यमंत्री का पद आ सकता है। राकांपा से शिवसेना में आए जयदत्त क्षीरसागर को शिवसेना मंत्रिमंडल में भेज सकती है। राज्य के कृषिमंत्री पांडुरंग फुंडकर के निधन और गिरीष बापट के सांसद चुने जाने के कारण उनका स्थान भी रिक्त है। भाजपा की तरफ से विखे पाटील के अलावा मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार, संजय कुटे, राकांपा से भाजपा में आए रणजीत सिंह मोहिते पाटील के मंत्री बनने की संभावना है।
Created On :   11 Jun 2019 6:18 PM IST