- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- कार का टायर फटा - किशोरी की मौत, 4...
कार का टायर फटा - किशोरी की मौत, 4 घायल

डिजिटल डेस्क, दर्यापुर। अकोला का काम निपटाकर दर्यापुर से अपने गांव अंजनगांव सुर्जी जाते समय शनिवार को चारपहिया वाहन का टायर फटने से हुई दुर्घटना में कार में सवार 17 वर्षीय किशोरी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। जबकि मृतक के माता-पिता व दोपहिया पर सवार एक नवविवाहित दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में कार व दोपहिया चकनाचूर हो गई। जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में मृत किशेारी का नाम अंजनगांव सुर्जी निवासी अर्पिता राजेश गिरी (17) है। जबकि घायलों के नाम राजेश त्र्यंबक गिरी (47), रेखा राजेश गिरी (40) और अंजनगांव तहसील के घोंडसगांव निवासी विशाल गजानन सोलंके (28) व प्रतीक्षा विशाल सोलंके (23) है। बताया जाता है अंजनगांव सुर्जी निवासी गिरी परिवार कार क्रमांक एमएच 11- बीके 2758 में सवार होकर अकोला से दर्यापुर मार्ग से होते हुए अपने गांव अंजनगांव जा रहे थे। तभी खल्लार थाना क्षेत्र के ईटकी फाटा के पास कार का टायर फटने से कार असंतुलित हो गई और सामने से गुजर रहे दोपहिया को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार अर्पिता गिरी को गंभीर चोटे आने से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हाे गई तथा उसके माता-पिता और दोपहिया पर सवार नवविवाहित दंपति गंभीररूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर जमा हुई भीड़ ने मृतक व घायलों को दर्यापुर के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को अमरावती रेफर किया गया है। खल्लार पुलिस को दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Created On :   6 Feb 2022 6:31 PM IST