350 से अधिक लोगों की होगी कोरोना जांच

Chain of 12 policemen - Corona investigation of more than 350 people will be done
350 से अधिक लोगों की होगी कोरोना जांच
12 पुलिसकर्मियों की चेन 350 से अधिक लोगों की होगी कोरोना जांच

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मंगलवार को जिले में 12 नए संक्रमित मिले। कुछ जांच 3,508 लोगों की हुई थी। ठीक होने वालों की तादाद 9 है। वहीं पुणे स्थित महाराष्ट्र इंटेलिजेंस अकादमी (एमआईए) से हाल ही में विशेष प्रशिक्षण लेकर लौटे 33 पुलिसकर्मियों में से 12 पुलिसकर्मी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके संपर्क में आए परिजनों, सगे संबंधियों, स्टाफ के अधिकारी-कर्मचारियों को कोविड जांच कराने की सलाह पुलिस अस्पताल के प्रमुख डॉ. संदीप शिंदे ने दिया है। कोविड पॉजिटिव मिले कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी हासिल की जा रही है।  

क्वारेंटाइन सेंटर भेजे गए हैं

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोविड पॉजिटिव मिले 12 पुलिसकर्मियों के संपर्क में 350 से अधिक लोग आए हैं।  इनकी मनपा द्वारा कोविड जांच  कराई जाएगी। कोविड पॉजिटिव पाए गए कर्मचारियों को एमएलए होस्टल के क्वारेंटाइन सेंटर में भेज दिया गया है। आरोप है कि इन कर्मचारियों को यहां पर गरम पानी और समय पर नाश्ता व भोजन मिलने में असुविधा हो रही है। बाकी 21 पुलिसकर्मियों को होम क्वारेंटाइन में रहने का आदेश दिया गया है। साथ ही कोविड नियमों का उन्हें पालन करने को कहा गया है।  

अनेक लोगों के संपर्क में आए

सूत्रों की मानें तो खुफिया विभाग के पॉजिटिव मिले कर्मचारी अपने थानों के अधिकारी-कर्मचारियों के संपर्क में भी आए थे। यह शहर के कुछ शासकीय जगह पर भी गए थे, जिसमें पुलिस मुख्यालय, थाना परिसर भी शामिल है। उन्हें भी कोविड जांच का आदेश दिया गया है। कोविड के लक्षण किसी भी मरीज में संभवत: 7 दिन के बाद नजर आने लगते हैं। सर्दी, खांसी और बुखार पीड़ित को तुरंत कोविड की जांच करानी चाहिए। इसमें लापरवाही बरतने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। 

पुणे से नागपुर ट्रेन से  आए थे

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह सभी पुलिसकर्मी पुणे में ट्रेनिंग लेने के बाद नागपुर में ट्रेन से वापस लौटे थे। यह किस ट्रेन से वापस लौटे थे, इस बारे में उनसे मनपा के कोविड विभाग के संबंधित अधिकारी जानकारी ले रहे हैं। 

राहत की बात 20 लोग निगेटिव 

पुलिस अस्पताल के प्रमुख डॉ. संदीप शिंदे के अनुसार, कोविड पॉजिटिव मिले 12 पुलिसकर्मियों के संपर्क में आए 20 लोगों की सोमवार को कोविड जांच कराई गई। यह सभी लोग निगेटिव पाए गए हैं। इससे पुलिस अस्पताल ने राहत भरी सांस ली है। पुलिस अस्पताल ने पॉजिटिव मिले पुलिसकर्मियों के संपर्क में आए लोगों को कोविड जांच कराने की गुजारिश की है। 

सभी को लग चुकी थी वैक्सीन

जानकारी के अनुसार, जो पुलिसकर्मी कोविड पॉजिटिव मिले हैं, वे सभी कोविड वैक्सीन ले चुके थे। बता दें कि शहर के थानाें के खुफिया विभाग के 33 कर्मचारी विशेष प्रशिक्षण के  पुणे स्थित महाराष्ट्र इंटेलिजेंस अकादमी में 10 दिन के प्रशिक्षण के लिए भेजे गए थे। वहां से 10 सितंबर को नागपुर लौटने पर दो पुलिसकर्मियों को तेज बुखार और सर्दी की शिकायत थी। पुलिस अस्पताल में जांच कराने  पर दोनों  कोरोना पॉजिटिव निकले। पुलिस अस्पताल के प्रमुख डॉ. संदीप शिंदे ने बाकी सभी पुलिसकर्मियों की कोविड जांच कराई तो 12 पुलिसकर्मी कोविड पॉजिटिव निकले।  

 

Created On :   14 Sep 2021 2:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story