- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- नाम और हुलिया बदलकर सात साल से...
नाम और हुलिया बदलकर सात साल से पुलिस को चकमा दे रहा मुजरिम धराया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पैरोल मिलने के बाद पिछले सात सालों से फरार एक 45 वर्षीय हत्या के मामले में दोषी को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नाम और हुलिया बदलकर पिछले सात सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था। पकड़ा गया आरोपी हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। जनवरी 2012 में नाशिक जेल से 14 दिनों की पैरोल पर हिरा होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने उसे मुंब्रा इलाके से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी का नाम रफीक अब्दुल रहमान शेख है। शेख के खिलाफ रत्नागिरी शहर और ग्रामीण पुलिस स्टेशन में हत्या, डकैती, अपहरण समेत 22 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। शेख के खिलाफ फरवरी 2007 में रत्नागिरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद उसे हत्या का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
नाशिक जेल से पैरोल पर हुआ था रिहा
शेख नाशिक जेल में सजा काट रहा था। इसी दौरान उसने पैरोल के लिए अर्जी दी। पैरोल पर छूटने के बाद वह तय समय पर वापस नहीं लौटा तो रत्नागिरी पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली क्योंकि शेख ने अपना नाम और हुलिया बदलकर ठाणे के मुंब्रा इलाके में रहना शुरू कर दिया था। इसी बीच ठाणे पुलिस की अपराध शाखा को शेख के बारे में गुप्त सूचना मिली। पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की तो उसने पहचान बदलकर पुलिस को चकमा देने की बात स्वीकार कर ली। डीसीपी दीपक देवराज ने बताया कि आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए रत्नागिरी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
Created On :   24 Aug 2019 3:52 PM IST