- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुख्यमंत्री ने कहा- आलोवृष्टि से...
मुख्यमंत्री ने कहा- आलोवृष्टि से हुए नुकसान पर तुरंत बांटा जाए मुआवजा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निर्देश दिया है कि हाल ही में ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को तुरंत अनुदान वितरित किया जाए। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मंत्रालय से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए नागपुर जिले में फसलों को हुए नुकसान की समीक्षा की। इस मौके पर नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलावृष्टि से संतरा, धान, गेंहू, चना, सब्जी, केला, मोसंबी की फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को तुरंत भरपाई अनुदान दिया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफेद इल्ली से फसलों को हुए नुकसान की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मदद घोषित करते इस बात का ख्याल रखा जाए कि मदद राशि हजार रुपए से कम न रहे।
नागपुर जिले के लिए हुई समीक्षा बैठक
बैठक में राज्य के उर्जा व नागपुर के पालकमंत्री बावनकुले ने मांग की कि नागपुर में ओलावृष्टि से दो बार नुकसान हुआ है। इसको ध्यान में रखते हुए नुकसान भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर 33 फीसदी से ज्यादा क्षेत्र सफेद इल्ली से प्रभावित हुआ है, वहां औसतन नुकसान भरपाई दी जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव मदत व पुनर्वसन मेधा गाडगीळ, कृषी विभाग के प्रधान सचिव विजय कुमार, पशु संवर्धन दुग्ध विकास व मत्स्य व्यवसाय विभाग के सचिव किरण कुरूंदकर सहित वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए नागपुर के जिलाधिकारी सचिन कुर्वे और कृषी सह निदेशक नागपुर भी शामिल थे।
किसाने ने कर ली थी खुदकुशी
आपको बतादें हाल ही में नांदेड़ जिले में 40 वर्षीय एक किसान ने हाल में हुई ओलावृष्टि के कारण अपनी गेहूं की फसल खराब होने के कारण कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस के मुताबिक लोहा नगर निगम के पार्षद रह चुके रमेश शेटे ने एक राष्ट्रीय बैंक से 35,000 रुपए का कर्ज लिया था। उसने जहर खाकर खुदकुशी कर ली।
Created On :   22 Feb 2018 8:12 PM IST