मुख्यमंत्री करेंगे ऐलान - अब महाराष्ट्र में लागू होगा सख्त लॉकडाउन 

Chief Minister will announce - now strict lockdown will be implemented in Maharashtra
मुख्यमंत्री करेंगे ऐलान - अब महाराष्ट्र में लागू होगा सख्त लॉकडाउन 
मुख्यमंत्री करेंगे ऐलान - अब महाराष्ट्र में लागू होगा सख्त लॉकडाउन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेश की महाविकास आघाड़ी सरकार ने अब महाराष्ट्र सख्त लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे बुधवार को लॉकडाउन लागू करने के संबंध में घोषणा करेंगे। मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कोरोना की स्थिति पर चर्चा के बाद लॉकडाउन लागू करने का फैसला लिया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में सभी मंत्रियों ने अपने जिले की स्थिति बताई। इसके बाद मंत्रिमंडल ने कठोर लॉकडाउन लागू करने का निर्णय लिया है। टोपे ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान प्रभावित होने गरीब और जरूरतमंद लोगों का प्रबंधन करने के संबंध में फैसला लिया जाएगा। कोरोना की पहली लहर के समय जैसा लॉकडाउन था उसी तर्ज पर अब लॉकडाउन लागू होगा। जबकि प्रदेश के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए कठोर लॉकडाउन आवश्यक है। 

सख्त लॉकडाउन ही विकल्प

शिंदे ने कहा कि राज्य में यदि इलाज के बिना लोगों की मौत हो रही ह, कोरोना के मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिल रहा है तो सख्त लॉकडाउन के अलावा कोई विकल्प नहीं है। शिंदे ने कहा कि मैंने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार की ओर से100 मीट्रिक टन का ऑक्सीजन का प्लांट लगाने की मांग की है। 

टीकाकरण के लिए खर्च उठाएगी सरकार 

स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने राज्य में टीकाकरण का अभियान तेजी से चलाया जाएगा। यदि विदेश से कोरोना का टीका उपलब्ध होगा तो उसको राज्य सरकार खरीदेगी। टीकाकरण के लिए जरूरत पड़ी तो बाकी विकास कामों के खर्च में कटौती की जाएगी। लेकिन टीकाकरण के काम में समझौता नहीं होगा। टोपे ने कहा कि राज्य में ऑक्सीजन जरनेटर प्लांट लगाने का फैसला किया गया है। हर जिले में कम से कम दो सौ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन लगाने का निर्णय लिया गया है। 

ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मच सकता है- परब

प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि लॉकडाउन के बारे में मुख्यमंत्री अंतिम फैसला करेंगे। परब ने कहा कि राज्य में ऑक्सीजन की कमी है। आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है। ऐसे में ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मच सकता है। इसलिए समय पर लॉकडाउन लगाने का फैसला लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बुधवार को मुख्यमंत्री लॉकडाउन के दिशा निर्देशों का एलान करेंगे। 

आवाजाही में नहीं होगी तकलीफ- शेख

दूसरी ओर प्रदेश के वस्त्रोद्योग मंत्री असलम शेख ने अगले कुछ घंटों में लॉकडाउन की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान किसी को आवाजाही में कोई तकलीफ नहीं होगी। शेख ने कहा कि ब्रेक द चेन के तहत राज्य में 80 प्रतिशत गतिविधियां बंद हैं। लेकिन आने वाले दिनों में ऑक्सीजन की काफी कमी हो सकती है। क्योंकि मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

ऑक्सीजन के वाहनों को टोल माफीः शिंदे

प्रदेश के एमएसआरडीसी मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य में ऑक्सीजन के वाहनों को एंबुलेंस का दर्जा दिया गया है। इसलिए ऑक्सीजन के वाहनों को टोल माफी दी जाएगी। शिंदे ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आवश्यकता के अनुसार ऑक्सीजन के वाहनों को ग्रीन कॉरिडोर और स्कॉट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। 

राज्य में टीकाकरण की गति बढ़ाई जाएगी- आव्हाड

प्रदेश के गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार विदेश में उत्पादित कोरोना के टीके को राज्य में आने के लिए केंद्र सरकार से अनुमति मांगेगी। राज्य मंत्रिमंडल ने इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का फैसला लिया है। आव्हाड ने कहा कि विदेश की कंपनियों से कोरोना का टीका महाराष्ट्र में आने पर टीकाकरण की गति बढ़ सकेगी। इससे राज्य हर्ड इम्युनिटी की ओर आगे बढ़ सकेगा। 

रेमडेसिविर मामले की जांच की मांग

मंत्रिमंडल की बैठक में रेमडेसिविर को लेकर राज्य में हो रही राजनीति पर भी चर्चा हुई। कई मंत्रियों ने कहा कि आखिर भाजपा वालों को कैसे यह इंजक्शन मिल जा रहा है और सरकार को नहीं मिल पा रहा है। राकांपा कोटे के मंत्री जीतेंद्र आव्हाड ने इसकी जांच कराए जाने की मांग की।

Created On :   20 April 2021 3:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story