मुख्य सचिव संजय कुमार ने संभाला कार्यभार, कहा- अर्थव्यवस्था को देंगे गति

Chief Secretary Sanjay Kumar take charge, said - will give speed to the economy
मुख्य सचिव संजय कुमार ने संभाला कार्यभार, कहा- अर्थव्यवस्था को देंगे गति
मुख्य सचिव संजय कुमार ने संभाला कार्यभार, कहा- अर्थव्यवस्था को देंगे गति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव संजय कुमार ने पदभार ग्रहण कर लिया है। मंगलवार को कुमार ने सेवानिवृत्त मुख्य सचिव अजोय मेहता से पदभार स्वीकारा। सेवानिवृत्त होने वाले मेहता मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के प्रधान सलाहकार के रूप में 1 जुलाई से कामकाज देखेंगे। पदभार संभालने के बाद नए मुख्य सचिव कुमार ने सहयोगियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कोरोना नियंत्रण के लिए राज्य में शुरू उपाय योजना पर प्रभावी रूप अमल किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, खरीफ फसल सत्र के लिए किए गए नियोजन को मूर्त स्वरूप देने को प्राथमिकता दी जाएगी। 

कुमार ने कहा कि राज्य का प्रशासन पिछले चार महीने से कोरोना संकट से सफल मुकाबला कर रहा है। कोरोना का प्रभाव रोकने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के मार्गदर्शन में विभिन्न उपाय योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। राज्य की अर्थव्यवस्था को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू हुई है। बारिश में फैलने वाले रोगों के नियंत्रण के लिए उपाय योजना की जाएगी। 

अमरावती से शुरू की थी सेवा 

साल 1984 बैच के आईएएस अफसर कुमार ने 36 साल की सेवा में विभिन्न पदों पर काम किया है। कुमार की साल 1985 में अमरावती के सहायक जिलाधिकारी के रूप में नियुक्ति हुई। इसके बाद कुमार बुलढाणा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने। फिर उन्होंने बीड़, उस्मानाबाद और औरंगाबाद के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला। साल 1997 में कुमार की उपमुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष कार्य अधिकारी, उपमुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव के रूप में नियुक्ति हुई। संजय कुमार ने झोपडपट्टी पुर्नवसन प्राधिकरण के सचिव, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल के सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एकात्मिक बाल विकास परियोजना के लिए विश्व बैंक के परियोजना समन्वयक, उर्जा नियामक आयोग के सचिव, पुणे मनपा आयुक्त, राज्य वखार महामंडल के अध्यक्ष पद पर काम किया है। इसके अलावा औरंगाबाद विभागीय आयुक्त, राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रधान सचिव, महिला व बाल कल्याण विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर कार्य करने के अलावा गृह निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के तौर पर भी कार्य किया। 

श्रीनिवास और कुंटे के पास अतिरिक्त कार्यभार 

प्रदेश सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय कुमार की मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति से रिक्त हुए गृहनिर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद का अतिरिक्त कार्यभार सूचना व प्रौद्योगिक विभाग के प्रधान सचिव एस वी आर श्रीनिवास को दिया गया है। वहीं सामान्य प्रशासन विभाग (सेवा) के अतिरिक्त मुख्य सचिव सीताराम कुंटे को गृह विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। 

 

Created On :   30 Jun 2020 2:51 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story