थाईलैंड में अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेगा छिंदवाड़ा का ममल

Chindwaras Mamal is going to lead India in international Archery competition
थाईलैंड में अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेगा छिंदवाड़ा का ममल
थाईलैंड में अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेगा छिंदवाड़ा का ममल

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा के खेल जगत में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। अब यहां का खिलाड़ी ममल जैन अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी स्पर्धा में देश भाग लेकर न केवल अपने शहर को बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करेगा। यहां के खेल प्रेमियों सहित जिलाध्यक्ष ने ममल को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। छिंदवाड़ा का ममल जैन थाईलैंड (बैंकाक) में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व करेगा।

संयुक्त भारत खेल संघ द्वारा हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय तीरदांजी स्पर्धा 2017-18 में ममल ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5 सितम्बर से 10 सितम्बर तक थाईलैंड में आयोजित होने जा रही अंतर्राष्ट्रीय तीरदांजी स्पर्धा में 4 सदस्यीय भारतीय टीम में चयनित होकर छिन्दवाड़ा एवं देश का गौरव बढ़ाया। ममल अपनी सफलता का श्रेय कोच राजेन्द्र सिंह ठाकुर, पिता मुकेश जैन व माता रितु जैन देते हैं।

जिला तीरदांजी संघ के सचिव डॉ. सर्वोत्तम सिंह ठाकुर ने बताया कि ममल जैन थाईलैंड के लिए मंगलवार को छिंदवाड़ा से रवाना हुए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कलेक्टर वेदप्रकाश ने शुभकामनाएं दीं एवं आश्वासन दिया कि शासन द्वारा यथासंभव मदद की जाएगी। ममल के थाईलैंड रवाना होने के अवसर पर जिला तीरदांजी संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र मिगलानी, अनिल सक्सेना, नंदकिशोर पराड़कर, रामदयाल, अखिलेश खरे आदि ने शुभकामनाएं दीं।

2011 में शुरु किया प्रशिक्षण, कई पुरस्कार जीत चुके
ममल जैन ने 2011 से तीरदांजी का प्रशिक्षण सर्वोत्तम हेल्थ क्लब में राजेन्द्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में लेना शुरु किया। उन्हें 2015 में ओपन स्टेट प्रतियोगिता में कांस्य पदक के साथ सफलता मिली। 2014-15 में ममल भारतीय खेल प्राधिकरण संघ के ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित हुए, जहां उन्होंने 50 मीटर दूरी के कम्पाउंड कैटेगरी में तीन वर्ष तक प्रशिक्षण लिया। 2016-17 में ममल ने भारतीय स्टूडेंट्स ओलम्पिक का गोल्ड मेडल हासिल किया तथा इसी वर्ष ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैम्पियनशिप में भाग लिया। 2017-18 में राष्ट्रीय तीरदांजी में सिल्वर मेडल प्राप्त कर अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।

 

Created On :   5 Sept 2018 5:36 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story