मुख्यमंत्री को दोबारा विधायक दल का नेता चुनने पर उत्सव मनाना भूली शहर भाजपा

City BJP forget celebrating CM again as leader of Legislature Party
मुख्यमंत्री को दोबारा विधायक दल का नेता चुनने पर उत्सव मनाना भूली शहर भाजपा
मुख्यमंत्री को दोबारा विधायक दल का नेता चुनने पर उत्सव मनाना भूली शहर भाजपा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए देवेंद्र फडणवीस दोबारा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा की किसी भी सफलता पर शहर भाजपा की ओर से उत्सव मनाया जाता रहा है। लेकिन इस बार शहर भाजपा एकदम खामोश सी है। यहां तक कि फडणवीस के विधायक दल के नेता चुने जाने पर भी शहर भाजपा उत्सव नहीं मना पायी है। माना जा रहा है कि शहर व जिले में विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर भाजपा असंतुष्ट है। शहर में 2 सीट गंवाने व ग्रामीण क्षेत्र में केवल 2 पर सीमित रह जाने को लेकर जिला भाजपा निराश है। स्थिति यह है कि चुनाव परिणाम को लेकर जिले में पार्टी की ओर से समीक्षा भी नहीं की जा सकी है। जीती हुई सीटों पर कम मतदान पाने को लेकर भी पार्टी के नेता निराश है। फिलहाल राज्य में सरकार के गठन का दौर चल रहा है। मुंबई में राजनीतिक घटनाक्रम पर सभी का ध्यान लगा है। विधायक व प्रमुख नेता मुंबई में हैं। सरकार बनने के बाद जिले में भाजपा की चुनाव परिणाम को लेकर चिंतन बैठक होगी। शहर में तो बूथ स्तर पर चुनाव प्रबंधन की समीक्षा की जाएगी। मतगणना के पहले तक जिले में भाजपा काफी उत्साहित थी। मतगणना के दिन शाम को मुख्यमंत्री के शहर आगमन पर उत्सव मनाने की योजना थी। लेकिन परिणाम आने के बाद उत्सव को लेकर उत्साह कम हो गया। फडणवीस विधानसभा सदस्य चुने जाने का प्रमाण पत्र लेकर मुंबई लौट गए। उसके बाद जीत का उत्सव नहीं मनाया गया। फडणवीस के िवधायक दल के नेता चुने जाने पर पश्चिम नागपुर के एक पदाधिकारी ने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गुलाल अवश्य उड़ाए।

चुनाव प्रमुखों से ली जाएगी रिपोर्ट

पार्टी सूत्र के अनुसार विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चुनाव प्रमुखों से रिपोर्ट ली जाएगी। उसके बाद आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। पार्टी ने चुनाव के लिए विधानसभा क्षेत्र स्तर पर कई पदाधिकारी नियुक्त किए थे। हर क्षेत्र के लिए चुनाव प्रमुख भी नियुक्त किए थे। पूर्व नागपुर में प्रमोद पेंडके, पश्चिम में संदीप जाधव, उत्तर में वीरेंद्र कुकरेजा, मध्य में बंडू राऊत, दक्षिण में संजय ठाकरे  व दक्षिण पश्चिम में संदीप जोशी चुनाव प्रमुख थे। उत्तर व पश्चिम में पराजय के अलावा मध्य व दक्षिण में जीत का अंतर कम होने के मामले पर पार्टी  प्रमुखता से चिंतन करेगी। नगरसेवकों का रिपोर्ट कार्ड भी देखा जाएगा। 

Created On :   31 Oct 2019 3:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story