आज छिंदवाड़ा शहर में पंचमी पर बरसेगा रंग

Colors will rain on Panchami in Chhindwara city today
आज छिंदवाड़ा शहर में पंचमी पर बरसेगा रंग
छिंदवाड़ा आज छिंदवाड़ा शहर में पंचमी पर बरसेगा रंग

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा।, शहर में पहली बार बड़े आयोजन की तैयारी, समारोह में पुरुष महिलाएं बड़ी संख्या में होंगे शामिल, छोटी बाजार से निकलेगी रंग यात्रा, जगह-जगह किया जाएगा भव्य स्वागत, मानसरोवर कॉम्पलेक्स के सामने किया जाएगा समापन महानगरों की तर्ज पर छिंदवाड़ा मेंं रंगपंचमी पर बड़े आयोजन की तैयारी पूरी हो चुकी है। आज भव्य जुलूस स्थानीय छोटी बाजार से निकाला जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष इस रंग यात्रा में शामिल होंगे। पहली बार इतने बड़े आयोजन की रुपरेखा तैयार की गई है। जिसे भव्य रुप देने के लिए आयोजन समिति के सदस्य पिछले तीन दिनों से तैयारी कर रहे हैं।
रंगपंचमी महोत्सव में सुबह 11 बजे रामलीला रंगमंच से रंग यात्रा निकलेगी। जिसमें फाग गायन और परम्परागत गीतों के साथ झूमते नाचते पर्व को मनाया जाएगा। यह यात्रा मेनरोड, गोलगंज, फ़व्वारा चौक होते हुए दोपहर ३ बजे मान सरोवर कॉम्प्लेक्स पहुंचेगी। जहां रंगारंग कार्यक्रम होंगे। रंगपंचमी महोत्सव के जुलूस का विभिन्न संस्थाओं के द्वारा जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए समिति ने भव्य तैयारी की है। महोत्सव को महामहोत्सव बनाने हेतु अनेक व्यापारिक संगठनों ने बंद का ऐलान भी किया है।
विशेष आकर्षण के साथ निकलेगा
जुलूस छोटी बाज़ार से निकलने वाली रंग यात्रा में अनेक विशेष आकर्षण भी देखने को मिलेंगे। जिनमें रैन डांस, कलर स्प्रे, लाइव डी के, गुलाल फाग, गुलाल स्प्रे, डी के धमाल आदि शामिल है। यह शहरवासियों के लिए पहला अवसर होगा जब किसी सार्वजनिक यात्रा में ऐसे आकर्षण देखने को मिलेंगे।
महिलाओं, बच्चों के लिए अलग व्यवस्था
आयोजन समिति द्वारा मानसरोवर कॉम्पलेक्स के सामने मिष्ठान होटल के समीप महिलाओं एवं बच्चों के लिए अलग से व्यवस्था बनाई गई है। ताकि शहर की महिलाएं भी इस आयेाजन में बढ़ चढक़र हिस्सा लेते हुए रंगपंचमी के इस वृहद आयोजन में अपनी सहभागिता निभाएं।
चार फाटक रंगोत्सव समिति भी मनाएगी पंचमी
रंग पंचमी महोत्सव को भव्यता से मनाने के लिए होली रंग पंचमी उत्सव समिति द्वारा रविवार को बैठक का आयोजन किया गया। रेलवे स्टेशन स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में सभी वरिष्ठ धर्मप्रेमियों ने मंगलवार को सुबह ११ बजे हनुमान जी महाराज की पूजा अर्चना कर भव्य जुलूस निकालने का निर्णय लिया। समिति के सदस्यों ने बताया कि जुलूस में बाजे गाजे एवं डीजे साउंड के साथ रंग गुलाल खेलते टोलियां रहेंगी। जुलूस स्टेशन, चारफाटक, गांधीगंज, पातालेश्वर क्षेत्र, सुकलुढाना, शनिचरा आदि क्षेत्रों में पहुंचेगा। जुलूस का समापन गांधीगंज के हनुमान मंदिर में किया जाएगा।
रंगोत्सव को ऐतिहासिक बनाए: बक्षी
रंगपंचमी महोत्सव समिति के आनंद बक्षी ने बताया कि मध्यप्रदेश में इंदौर शहर की रंगपंचमी की गेर विश्व प्रसिद्ध हैं। इस रंग बिरंगी छटा के पर्व में अब छिंदवाड़ा भी सम्मिलित होने जा रहा है। रंग और गुलाल बिखेरने वाले आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित चल समारोह हुरियारों की टोली के साथ मेन रोड, गोलगंज, फव्वारा चौक, इंदिरा तिराहा होते हुए दोपहर 3 बजे मानसरोवर काम्प्लेक्स में समाप्त होगा।

Created On :   22 March 2022 7:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story