- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के...
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ मुंबई पुलिस से शिकायत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नसीम खान ने मुंबई पुलिस से शिकायत की है। खान का आरोप है कि पात्रा ने उनका झूठा वीडियो सोशल मीडिया के जरिए शेयर कर उन्हें और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने की कोशिश की है। खान के मुताबिक वे इस मामले में पात्रा को कानूनी सबक सिखाएंगे। पात्रा ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया है उसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि खान पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाते हुए गृहमंत्री अमित शाह को कार्रवाई की चुनौती दे रहे हैं। लेकिन इसे बड़ी चालाकी से उनके भाषण का एक हिस्सा काट कर बनाया गया है। पूरे भाषण में उन्होंने एक कार्यक्रम में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चुनौती दी थी लेकिन वीडियो काट छांटकर ऐसा बना दिया गया जैसे खान ही पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं।
पूर्व मंत्री नसीम खान का फर्जी वीडियो वायरल करने का मामला
इससे पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान भी यह फर्जी वीडियो जानबूझकर वायरल किया गया था जिसका खामियाजा भी खान को उठाना पड़ा और वे बेहद कम वोटों से चुनाव हार गए। खान ने उस दौरान भी मामले की शिकायत पुलिस से की थी। एक बार फिर दिल्ली चुनावों के ठीक पहले फर्जी वीडियो साझा किए जाने से नाराज खान ने मुंबई पुलिस आयुक्त, साकीनाका पुलिस स्टेशन के साथ-साथ चुनाव आयोग से भी मामले की शिकायत की है। खान के मुताबिक दिल्ली विधानसभा चुनावों में हार सामने देखकर भाजपा निचले स्तर पर उतर आई है और विरोधी दलों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। फर्जी वीडियो के जरिए भाजपा समाज में वैमनस्य फैलाना चाहती है।
Created On :   7 Feb 2020 9:58 PM IST