मुझे खुशी है सीएम को समृद्धि महामार्ग का महत्व समझ आया- फडणवीस 

Complete prosperity project before Maharashtra Day - Uddhav
मुझे खुशी है सीएम को समृद्धि महामार्ग का महत्व समझ आया- फडणवीस 
मुझे खुशी है सीएम को समृद्धि महामार्ग का महत्व समझ आया- फडणवीस 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग का महत्व समझ में आया है। उन्होंने कहा कि मुझे समाधान है कि मुख्यमंत्री ने हिंदू हृदय सम्राट बालासाहब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग के कामों की तारीफ की है। रविवार को फडणवीस ने भारतरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर दादर स्थित चैत्यभूमि जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री समृद्धि महामार्ग के निर्माण कामों को देखने अमरावती और औरंगाबाद में गए थे। उन्हें इस परियोजना का विजन समझ में आ गया है कि महामार्ग से किस प्रकार से महाराष्ट्र बदल सकता है। इस परियोजना से पिछड़े क्षेत्र विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र को मुंबई से छोड़कर महाराष्ट्र की समृद्धि हो सकती है। फडणवीस ने कहा कि यह सच है कि पूर्व की भाजपा सरकार में सहयोगी रही शिवसेना के पक्ष प्रमुख उद्धव ने बड़े पैमाने पर विरोध किया था लेकिन उसके बाद मैंने शिवसेना नेता तथा वर्तमान नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के साथ चर्चा की थी। उसके बाद हम दोनों लोगों ने उद्धव को समझाया था। फडणवीस ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री रहते हुए समृद्धि महामार्ग का सपना देखा था। समृद्धि महामार्ग राज्य को बदल सकता है। 

इससे पहले मुख्यमंत्री ने शनिवार ने कहा था कि मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग का नागपुर से शिर्डी तक के पहले हिस्से का काम अगले साल 1 मई तक पूरा होने पर उसको आवगमन के लिए खोल दिया जाएगा। 

भाजपा नहीं गिराएगी सरकार 

फडणवीस ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाजपा द्वारा महाराष्ट्र सरकार गिराए जाने की कोशिश वाले बयान को खारिज कर दिया है। फडणवीस ने कहा कि भाजपा राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार को नहीं गिराएगी। हमारे पास सरकार को गिराने की कोई योजना नहीं है पर यदि सरकार गिरती है तो राज्य को हम नई सरकार देंगे। फडणवीस ने कहा कि मैं गहलोत से पूछूंगा कि उन्होंने किस संदर्भ में यह बात कही है। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि भाजपा हर राज्य में विपक्ष की सरकार गिराने की साजिश कर रही है। लोग कहते हैं कि अब महाराष्ट्र की बारी आने वाली है। पता नहीं क्या होगा। 

उधर नागपुर में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार को समृद्धि राजमार्ग परियोजना का मुआयना किया और संतुष्टि जताते हुए महाराष्ट्र दिवस से पहले उसका कार्य पूर्ण करने के आदेश अधिकारियों को दिए। वैजापुर संवाददाता के अनुसार, उद्धव ठाकरे दोपहर 2 बजे हेलिकॉप्टर से अमरावती से वैजापुर तहसील के गोलवाड़ी में लोक निर्माण मंत्री एकनाथ शिंदे के साथ पहुंचे। बालासाहब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि राजमार्ग पर वाहन चलाकर उन्होंने स्वयं प्रगति कार्य की समीक्षा कर संतुष्टि जताई तथा महाराष्ट्र दिवस से पहले पूर्ण करने का आदेश दिए।
 

Created On :   6 Dec 2020 10:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story