ममता बनर्जी के दावे पर कांग्रेस को एतराज - कांग्रेस ही भाजपा का विकल्प, शेलार ने भी साधा निशाना

Congress objected to Mamta Banerjees claim, patole said - Congress is the only alternative to BJP
ममता बनर्जी के दावे पर कांग्रेस को एतराज - कांग्रेस ही भाजपा का विकल्प, शेलार ने भी साधा निशाना
उलझती सियासत ममता बनर्जी के दावे पर कांग्रेस को एतराज - कांग्रेस ही भाजपा का विकल्प, शेलार ने भी साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा के खिलाफ कांग्रेस के बगैर मोर्चा खड़ा करने में जुटी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दावे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने एतराज जताया है। ममता के मुंबई दौरे के मद्देनजर पटोले ने कहा कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा की बजाय देश महत्वपूर्ण है। भाजपा के खिलाफ लड़ाई अहंकार नहीं बल्कि एकजुटता से लड़ा जा सकता है। बुधवार को ममता बनर्जी ने मुंबई में कहा कि वे कांग्रेस के बगैर भाजपा का विकल्प तैयार करने की कोशिश कर रही हैं। बनर्जी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है। सोनिया गांधी व राहुल गांधीके नेतृत्व में कांग्रेस भाजपा की तानाशाही प्रवृत्ति से लगातार लड़ रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोदी के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं। कृषि कानूनों को लेकर वे लगातार किसानों के साथ डटे रहे। भाजपा की विभाजनकारी नीति, मंहगाई, बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। इस लिए परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा को किनारे रख कर राष्ट्रहित व संविधान बचाने के लिए समान विचारधारा वाले दलों को एक साथ आना चाहिए। ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए पटोले ने कहा कि एक राज्य तक सीमित राजनैतिक दल भाजपा का विकल्प नहीं बन सकता। कांग्रेस ही भाजपा का सक्षम विकल्प है। 


महाराष्ट्र के उद्योगों को पश्चिम बंगाल में ले जाने में ममता की मदद कर रहे मंत्री आदित्य - शेलार

उधर भाजपा ने शिवसेना के नेता तथा प्रदेश के पर्यटन व राजशिष्टाचार मंत्री आदित्य ठाकरे और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच हुई मुलाकात पर सवाल खड़े किए हैं। बुधवार को भाजपा विधायक आशीष शेलार ने मंत्री आदित्य पर महाराष्ट्र के उद्योगों को पश्चिम बंगाल में ले जाने के लिए ममता की मदद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शेलार ने कहा कि ममता पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए मुंबई में उद्योग समिट करने के लिए आयी हैं। लेकिन मंत्री आदित्य ममता के साथ गुप्त बैठके कर रहे हैं। वे ममता को महाराष्ट्र के रोजगार, व्यापार, उद्योग और कारखानों को पश्चिम बंगाल में ले जाने के लिए मदद कर रहे हैं। शेलार ने सवाल पूछते हुए कहा कि आदित्य ने ममता के साथ सरकारी स्थल के बजाय निजी होटल में बैठक क्यों की? गुप्त तरीके से बैठक करने की वजह क्या है? शेलार ने कहा कि दोनों के बीच क्या चर्चा हुई है। इसका विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया? ममता के मुंबई दौरे से कांग्रेस की नाराजगी के सवाल पर शेलार ने कहा कि महाविकास आघाड़ी में कांग्रस की कोई हैसियत नहीं है। कांग्रेस को शिवसेना और राकांपा नहीं पूछती है। ममता की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ क्षेत्रिय दलों के गोलबंदी की कोशिश पर शेलार ने कहा कि विपक्ष चाहे जितने दल को अपने साथ मिला ले। विपक्ष का नतीजा शून्य ही रहेगा। 

ममता ने उद्धव के राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने के लिए प्रार्थना की - राऊत

दूसरी ओर शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा कि ममता ने मंगलवार को सिद्धिविनायक मंदिर में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की तबीयत जल्द ठीक होने और उनके राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने के लिए प्रार्थना की। राऊत ने कहा कि ममता मंगलवार मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलना चाह रही थीं। लेकिन मुख्यमंत्री के अस्पताल में होने के कारण यह मुलाकात नहीं हो सकी। किंतु मैंने और मंत्री आदित्य ने ममता के साथ बैठक की थी। राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के जरिए महाविकास आघाड़ी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। पश्चिम बंगाल में भी यह प्रयास हो रहा है। इस मुद्दे पर हमने उनसे चर्चा की है। ममता और शरद पवार के बीच हुई मुलाकात पर राऊत ने कहा कि हम सभी को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए। एक सवाल के जवाब में राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक है लेकिन सभी लोगों की भावना है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद ही अस्पताल से निकले। 
 

Created On :   1 Dec 2021 3:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story