महाजन की सेल्फी पर कांग्रेस ने तरेरी आंखे, कोल्हापुर-सांगली बाढ़ में फंसे ढाई लाख लोगों को निकाला

Congress raises question on Mahajans selfie in Kolhapur-Sangli flood
महाजन की सेल्फी पर कांग्रेस ने तरेरी आंखे, कोल्हापुर-सांगली बाढ़ में फंसे ढाई लाख लोगों को निकाला
महाजन की सेल्फी पर कांग्रेस ने तरेरी आंखे, कोल्हापुर-सांगली बाढ़ में फंसे ढाई लाख लोगों को निकाला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोल्हापुर और सांगली जिले में बाढ़ में फंसे 2 लाख 52 हजार 813 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। शुक्रवार को प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील ने यह जानकारी दी। पाटील ने बताया कि बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए राज्य सरकार ने 154 करोड़ रुपए की निधि जिलाधिकारियों के पास भेज दी है। इस निधि से ग्रामीण इलाकों में आपदा प्रभावित नागरिकों को प्रति परिवार 10 हजार और शहरी इलाकों के नागरिकों को प्रति परिवार 15 हजार रुपए की मदद की जाएगी। मदद राशि तत्काल वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोल्हापुर में 8 तहसीलों के 239 गांव और सांगली में 4 तहसीलों के 90 गांव कुल 12 तहसीलों के 329 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। कोल्हापुर शहर में पानी धीरे-धीरे कम होने लगा है। पाटील ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 270 जगहों पर निवास के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है। बाढ़ प्रभावितों को भोजन के पैकेट, पीने के लिए पानी और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। पाटील ने बताया कि बाढ़ प्रभावितों के राहत काम में स्थानीय प्रशासन के साथ उड़ीसा, पंजाब और गुजरात के आपदा प्रबंधन दल की 22, नौसेना की 26, तटरक्षक दल की 2 टीमें तैनात हैं। कोल्हापुर में नौसेना के 8 दस्ते और सांगली में 2 दस्ते कार्यरत हैं। कोल्हापुर में 76 और सांगली में 90 नाव से बचाव कार्य शुरू है। पाटील ने कहा कि सांगली के सांगलवाडी व हरिपुर में एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीम बचाव काम में जुटी हुई है। एयर लिफ्ट करके नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है। हरिपुर में नाव से नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है। जबकि सागंली के मिरज, पलुस और वालवा तहसील में नागरिकों को प्रशासन की ओर से सुरक्षित जगहों पर ले जाकर उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। 

अलमट्टी बांध से 4 लाख 50 हजार क्यूसेक्स पानी छोड़ा

मंत्री पाटील ने बताया कि कर्नाटक के अलमट्टी बांध से शुक्रवार दोपहर तक 4 लाख 50 हजार क्यूसेक्स पानी छोड़ा गया है। यह पानी छोड़े जाने से कोल्हापुर में पानी का स्तर गुरुवार की तुलना में कम हो गया है। सांगली में पानी का स्तर स्थिर है। बारिश कम होने के बाद पानी का स्तर और कम होने में मदद मिलेगी।

सांगली जिले में नौसेना के 12 बचाव दल 

इस बीच सांगली जिले में भारतीय नौसेना के 12 बचाव दलों को तैनात किया जा रहा है। नौसेना के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सांगली और निकटवर्ती कोल्हापुर से विमान के जरिए लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया खराब मौसम के कारण बाधित हो गई जिसके बाद राज्य परिवहन वाहनों के जरिए गुरुवार की रात बचाव दल सांगली के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि कोल्हापुर में पहले की मौजूद टीमों के अलावा नौसेना के इन 12 दलों को शुक्रवार को सांगली में तैनात किया गया। 

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जल पर्यटन कर रहे मंत्रीः सावंत

राज्य के बाढ ग्रस्त इलाके कोल्हापुर में राहत व बचाव कार्य में जुटे राज्य के जल संसाधन मंत्री गिरीष महाजन बाढ ग्रस्त इलाके में सेल्फी लेकर विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि अब तो सांगली-कोल्हापुर को मंत्रियों के लिए जल पर्यटन क्षेत्र घोषित कर देना चाहिए। सावंत ने कहा कि बाढ़ के कारण पश्चिम महाराष्ट्र मे लोगों की गृहस्थी बर्बाद हो गई है। ऐसी स्थिति में मंत्री महाजन बोट पर सवार होकर जल पर्यटन का आनंद ले रहे हैं। सावंत ने कहा कि यह सत्ता का नशा है।  

शर्मनाक हरकत पर मंत्री की हो छुट्टीः मुंडे

विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे ने कहा कि बाढ़ ग्रस्त इलाके में जहां लोग हलकान हो रहे हैं, मंत्री महाजन को सेल्फी निकालते और हसते-मुस्कराते वीडियो बनाने में शर्म नहीं आई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को चाहिए की ऐसे असंवेदनशील मंत्री को तुरंत अपने मंत्रिमंडल से निकाले। मुंडे ने कहा कि कोल्हापुर-सांगली का हाल देख लोगों के आंखों में आंसू आ जा रहे हैं। पर मंत्री महोदय को सेल्फी निकालने में मस्त हैं। 

Created On :   9 Aug 2019 4:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story