कोरोना : नागपुर में 691 संक्रमित, जानिए - विदर्भ के ताजा हालात

Corona: 691 infected in Nagpur, know - latest situation of Vidarbha
कोरोना : नागपुर में 691 संक्रमित, जानिए - विदर्भ के ताजा हालात
कोरोना : नागपुर में 691 संक्रमित, जानिए - विदर्भ के ताजा हालात

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सितंबर और अगस्त माह के पीक के बाद कोविड मरीजों की संख्या कम हुई थी। इसी बीच संक्रमण को लेकर लोगों ने लापरवाही बरतना शुरू कर दी। जिसके परिणामस्वरूप एक बार फिर स्थिति बिगड़ती जा रही है। पिछले कुछ महीनों से जहां 300 के आसपास मरीजों की संख्या थी वह 700 के आसपास हो गई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। पिछले 3 दिनों से लगातार 8-8 लोगाें की मौत हो रही है। इसमें भी सबसे अधिक मृतक शहर के हैं। पिछले तीन दिनों में जिले में 24 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 13 शहर के हैं। मंगलवार को जिले में 10996 नमूनों की रिकॉर्ड जांच की गई। इससे पहले पीक में भी इतनी जांच नहीं की गई। मंगलवार को 691 नए मरीज मिले। साथ ही 8 लोगाें की मौत हुई। पिछले 24 घंटे में जिले में 10996 नमूनों की जांच में 691 नए मरीज मिले हैं। मंगलवार को 477 मरीज डिस्चार्ज किए गए। इनमें होम आइसोलेट मरीज भी शामिल हैं। इसके साथ कुल डिस्चार्ज मरीजों की संख्या 1,33,775 पहुंच गई है। रिकवरी दर 92.56% है। वर्तमान में 6468 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 1178 ग्रामीण, 5290 शहर के हैं। इनमें से 4640 होम आइसोलेट हैं। 1828 कोविड केयर सेंटर, निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं।

अमरावती में टूटा रिकार्ड, मिले 926 मरीज

अमरावती जिले में मंगलवार को कोरोना मरीजों का अब तक रिकॉर्ड टूट गया। एक ही दिन में 926 नए मरीजों के साथ 6 लोगों ने संक्रमण से जूझते हुए दम तोड़ दिया। नए मरीजों में ग्रामीण क्षेत्र के 283 और मनपा क्षेत्र के 643 मरीजों का समावेश है। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 31,123 पर पहुंच चुका है, जबकि 471 लोग जान गंवा चुके हैं। वर्धा में भी 2 लोगों की मृत्यु के साथ 125 नए मरीज पाए गए हैं। यवतमाल में 246 पॉजिटिव पाए जाने के साथ 2 लोगों ने कोरोना से जूझते हुए दम तोड़ दिया। अब तक पूर्व विदर्भ के चंद्रपुर, गड़चिरोली, गोंदिया और भंडारा में मरीजों की संख्या सीमित थी, लेकिन मंगलवार को इन सभी जगहों पर रोजाना की तुलना में मरीजों की तादाद बढ़ती नजर आयी। चंद्रपुर में एकाएक  55 मरीज पाए जाने से प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है। गड़चिरोली में भी 5 मरीज पाए गए हैं। गोंदिया में जहां बीते कुछ समय से इक्का-दुक्का मरीज मिल रहे थे, वहीं मंगलवार को एकाएक 16 लोग संक्रमित पाए गए। भंडारा में भी 22 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।  

अकोला में 2 मरीजों की मौत, 277 नए संक्रमित

अकोला जिले में मंगलवार को 2 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। जिससे मृतकों की तादाद 357 हो गई है। 277 नए पॉजिटिव पाए जाने के बाद कुल  मरीजों की संख्या 14,418 हो गई है। 44 लोग डिस्चार्ज होने से अबतक 11,675 लोग ठीक होकर घर पहुंच गए हैं। 2,386 एक्टिव मरीजों पर इलाज जारी है। 

वाशिम जिले में मंगलवार को 87 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिससे कुल चिन्हित मरीजों की संख्या 7,631 हो गई है। 21 लोग ठीक हो जाने से अब स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 6,741 हो गई है। मृतकों का आंकड़ा 156 पर स्थिर है। 603 एक्टिव मरीजों पर उपचार जारी है।

बुलडाणा जिले में मंगलवार को 416 नए कोरोना संक्रमित मिले। अब कुल मरीजों की तादाद बढ़कर 16,912 हो गई है। मृतकों की संख्या 187 पर स्थिर रहीं। 136 मरीज ठीक हो जाने से घर वापसी करने वालों की संख्या 14,822 हो गई है। 1,903 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है।

Created On :   23 Feb 2021 4:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story