- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कोरोना वायरस से चीन में हड़कंप :...
कोरोना वायरस से चीन में हड़कंप : सार्स से मौत के आंकड़ों को पछाड़ा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मीडिया की ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक हुबे प्रांत कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 780 पहुंच गई है। हुबे स्वास्थ्य आयोग ने इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही इस बीमारी से दुनियाभर में हड़कंप मचा है। यदी पूरे चीन की बात करें, तो इसके कारण मौतों का आंकड़ा 804 तक जा पहुंचा है। कोरोना वायरस से हुई मौतों की संख्या ने तकरीबन 20 साल पहले सार्स वायरस के कारण मौतों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। 2003 में सार्स वायरस से दो दर्जन से अधिक देशों में मरीज़ पाए गए थे. जिसके कारण 774 लोगों की जान गई थी। हालांकि अबतक अभी तक पूरी दुनिया में 34,800 नए कोरोना वायरस से संक्रमित बताए जा रहे हैं। जिनमें अधिकतर चीन में हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इसे वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया जा चुका है।
कोरोना वायरस के मद्देनजर पुणे के एक अस्पताल में निगरानी में रखे गए चीनी यात्री सहित पांच लोगों के रक्त के नमूने निगटिव पाए गए हैं। इस बीच शुक्रवार को कोरोना वायरस प्रभावित चीन के वुहान शहर में मेडिकल की पढाई कर रहे 2 छात्रों को एहतियात के तौर पर कस्तुरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इन दोनों में भी वायरस के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। शनिवार तक अस्पताल में जांच-पड़ताल के लिए भर्ती किए गए 35 लोगों में से 30 लोगों के नमूने निगेटिव पाए गए हैं। पांच की रिपोर्ट आनी बाकी है।
यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी है। उन्होंने बताया कि अभी तक मुंबई एयरपोर्ट पर 18 हजार 84 यात्रियों की जांच हुई है। राज्य में वायरस प्रभावित इलाकों से आने वाले 140 यात्रियों की जांच पड़ताल की गई है। इनमें से किसी में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले। टोपे ने बताया कि शुक्रवार को पुणे के नायडू अस्पताल में भर्ती कराए गए चीनी यात्री की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। वायरस प्रभावित इलाकों से आए 140 यात्रियों में से 54 यात्रियों की 14 दिनों तक निगरानी पूरी हो गई है।
Created On :   9 Feb 2020 3:33 PM IST