- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ बढ़...
महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध, हर औसतन 7 महिलाओं के साथ दुष्कर्म

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े बताते हैं कि महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहें हैं। साल 2020 में राज्य में महिलाओं के खिलाफ 31954 आपराधिक वारदातें हुईं थीं जबकि साल 2021 में यह आंकड़ा बढ़कर 39526 पहुंच गया। इसके अलावा राज्य में रोजाना औसत करीब 7 महिलाएं दुष्कर्म का शिकार हो रहीं हैं। साल 2021 में राज्य में 2506 महिलाएं दुष्कर्म का शिकार हुईं। इनमें 2478 महिलाएं बालिग जबकि 28 नाबालिग थीं। इसके अलावा राज्य में दुष्कर्म के बाद महिलाओं की हत्या की 23 वारदातें हुईं। आंकड़ों से यह भी खुलासा हुआ है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13.7 फीसदी मामलों में ही आरोपियों को सजा हो पाई है। 2021 में राज्य में महिलाओं को अगवा करने की भी 7559 वारदातें सामने आईं जिनमें से 418 मामलों में विवाह के लिए लड़कियों को अगवा किया गया था। अगवा की गई लड़कियों में से 353 नाबालिग थीं।
82 फीसदी मामलों में आरोपपत्र
महिलाओं के खिलाफ हुए अपराध की कुल 31885 वारदातों यानी 82.4 फीसदी मामलों में पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल कर दिया था। साल 2021 में अदालतों ने 996 मामलों में आरोपियों को दोषी करार दिया।
महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े
साल महिलाओं के खिलाफ अपराध
2021 39526
2020 31954
2019 37144
2018 35497
Created On :   30 Aug 2022 10:09 PM IST