विदेश में पढ़ाई का सपना रहा अधूरा, छात्रा से 8.23 लाख की ठगी

Cyber crime dupes  girl of rs 8.23 lakh english language test
विदेश में पढ़ाई का सपना रहा अधूरा, छात्रा से 8.23 लाख की ठगी
विदेश में पढ़ाई का सपना रहा अधूरा, छात्रा से 8.23 लाख की ठगी

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  धोखाधड़ी का शिकार हुई एक छात्रा का विदेश में पढ़ाई का सपना अधूरा रह गया। आईईएलटीएस (इंग्लिश लैंग्वेज टेस्ट) प्रमाणपत्र देने के नाम पर एक विदेशी ठग ने उससे करीब 8.23 हजार रुपए ऐठ लिए। घटना उजागर होने पर गिट्टीखदान थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। 

फेसबुक अकाउंट पर भेजी पोस्ट
योगेंद्र नगर, शिवाजी चौक, नागपुर (वर्तमान में हैदराबाद) निवासी सानिया उर्फ सान्या राजीव गांधी (26) नामक युवती उच्च शिक्षित है। सान्या आगे की पढ़ाई के लिए यूएसए जाना चाहती थी, लेकिन यूएसए जाने के लिए वहां की भाषा का ज्ञान होना अनिवार्य है। इसके लिए सान्या को  इंग्लिश लैंग्वेज टेस्ट प्रमाणपत्र की जरूरत थी। इस संबंध में वह सोशल मीडिया पर खोजबीन कर रही थी। इसी बीच 21 अगस्त-2019 को उसके फेसबुक अकाउंट पर एक विदेशी व्यक्ति ग्रेक जाॅनसन रे नामक व्यक्ति ने आईईएलटीएस के संबंध में पोस्ट भेजी। 

पासपोर्ट की झेरॉक्स और दो फोटो मांगे
इसके बाद सान्या ने ग्रेक से फोन पर बात की और ई-मेल भी किए। ग्रेक ने प्रमाणपत्र देने की हामी भरते हुए इसके लिए कुछ खर्च भी बताया। सान्या का विश्वास बना रहे इसलिए ग्रेक ने उससे पासपोर्ट झेरॉक्स और दो फोटो लिए थे। इसके बाद विविध शुल्कों का झांसा देकर उसने सान्या से 8 लाख 23 हजार 410 रुपए ऐंठ लिए और रुपयों की मांग भी करने लगा। इससे सान्या को ठगे जाने का संदेह हुआ। उसने ग्रेक को अपने रुपए लौटाने की बात कही। उसके बाद ग्रेक ने फोन उठना बंद कर दिया। इस प्रकरण में ग्रेक द्वारा फर्जी नाम का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। घटना के बाद गट्टीखदान थाने में शिकायत की गई थी। जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर शनिवार को विदेशी ठग ग्रेक के खिलाफ विविध धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया। निरीक्षक सुनील गांगुर्डे के मार्गदर्शन में प्रकरण की जांच-पड़ताल जारी है।
 

Created On :   24 Feb 2020 8:31 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story