- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दाऊद के भतीजे पर लगा मकोका, जबरन...
दाऊद के भतीजे पर लगा मकोका, जबरन वसूली मामले में हुआ था गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार दाऊद इब्राहिम के भतीजे रिजवान शेख और उसके दो साथियों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध विरोधी कानून मकोका की धाराएं भी लगाई हैं। दरअसल मामले में छोटा शकील और फहीम मचमच का नाम सामने आने के बाद छानबीन में जुटे ‘जबरन वसूली विरोधी दस्ते’ ने आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई का फैसला किया। वहीं तीनों आरोपियों को सोमवार को मकोका कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 5 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मकोका लगने के बाद अब एसीपी स्तर के अधिकारी मामले की छानबीन करेंगे साथ ही आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर करने के लिए पुलिस के पास छह महीने का समय होगा। मकोका लगने के बाद आरोपियों को जमानत मिलना भी मुश्किल होगा। इस मामले में मुंबई पुलिस ने रिजवान के साथ अहमदरजा वधारिया और अशफाक टावेलवाला नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल टावेलवाला ने अपने बिजनेस पार्टनर के साथ विवाद के दाऊद के भतीजे रिजवान और गैंग का हवाला कारोबार संभालने वाले वधारिया की मदद ली थी। आरोपियों के कहने पर छोटा शकील के करीबी फहीम मचमच ने धमकी भरा संदेश रिकार्ड कर व्यापारी को ह्वाट्सएप किया था। यह संदेश व्यापारी को भेजकर उसे टावेलवाले से बकाया पैसे न मांगने को कहा गया था। अगर किसी मामले में आरोपियों के खिलाफ 10 सालों में कई मामले दर्ज हुए हों और पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल किया हो तो आरोपियों के खिलाफ मकोका लगाने की इजाजत होती है। अपराध शाखा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक दाऊद के करीबी छोटा शकील के खिलाफ 103 जबकि मचमच के खिलाफ 50 से ज्यादा मामले पहले ही दर्ज हैं। दोनों इस मामले में भी आरोपी हैं। इसके अलावा रिजवान समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ पांच और व्यापारियों ने जबरन वसूली की शिकायत दर्ज कराई है। इनमें से तीन मुंबई जबकि दो सूरत के हैं। पुलिस के मुताबिक रिजवान दो मोबाइल इस्तेमाल करता था। एक मोबाइल मुंबई में रहते हुए सामान्य रूप से इस्तेमाल करता था जबकि दूसरे मोबाइल का इस्तेमाल दुबई से जबरन वसूली के लिए किया जाता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रिजवान डी कंपनी से जुड़े छोटा शकील और फहीम मचमच के साथ लगातार संपर्क में था।
जन्मदिन की पार्टी के दौरान युवक की हत्या
महानगर के घाटकोपर इलाके में आपसी विवाद के बाद एक 32 वर्षीय शख्स की उसकी जन्मदिन पार्टी के दौरान हत्या कर दी गई। पंतनगर पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी अभी फरार है। जिस शख्स की हत्या की गई उसका नाम नीतेश सावंत है। नीतेश शिवसेना कार्यकर्ता है और उसके चाचा पार्टी के पूर्व नगरसेवक थे। पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों पहले मुख्य आरोपी बाबू केंडे और सावंत के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रविवार रात सवा नौ बजे के करीब सावंत दोस्तों के साथ अपने जन्मदिन की पार्टी में कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे आरोपियों ने सावंत पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बुरी तरह जख्मी सावंत को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में संकेत खरात, महेश शिवलकर, प्रसाद गपत, रोहन निकम, कमलेश होले और यश इचाले नाम के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Created On :   29 July 2019 9:07 PM IST