- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- लहरों पर जायका : मायानगरी मुंबई के...
लहरों पर जायका : मायानगरी मुंबई के समुद्र में तैरते दिखेंगे रेस्टोरेंट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। क्या आपने समुद्र पर तैरते हुए रेस्टोरेंट देखें हैं, यदी नहीं तो आपकी ये ख्वाहि जल्द ही पूरी हो सकती है। गेटवे ऑफ इंडिया और गिरगांव चौपाटी पर फ्लोटिंग रेस्टारेंट का मजा लिया जा सकेगा। करीब नौ महीने पहले मुंबई पोर्ट ट्रस्ट की इजाजत मिलने के बाद अब महानगर में ऐसे दो जहाज आ गए हैं, जिन पर रेस्टारेंट खोला जाएगा। फिलहाल दोनों के इंटीरियर का काम चल रहा है। मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के एक अधिकारी ने बताया कि महानगर के बंदरगाहों को लोगों और पर्यटकों के लिए मनोरंजन केंद्र के रुप में इस्तेमाल करने की योजना है।
नौ महीने पहले हुआ लाइसेंस जारी
फ्लोटिंग रेस्टारेंट के लिए नौ महीने पहले लाइसेंस जारी किए गए थे। लेकिन उस वक्त भारत में ऐसी कोई जहाज नहीं थी जिसका इस्तेमाल फ्लोटिंग रेस्टारेंट के तौर पर किया जा सके। इसीलिए अब दो जहाज आयात किए गए हैं। जिनमें से एक गेटवे ऑफ इंडिया और दूसरा गिरगांव चौपाटी पर खड़ा किया जाएगा। छह जनवरी को खरीदे गए दोनों जहाज मुंबई पहुंच गए। साजसज्जा और समुद्र में परीक्षणों के बाद दोनों जहाज बतौर फ्लोटिंग रेस्टारेंट आम लोगों के लिए उपलब्ध होंगे। जहां बीच समंदर में लोग अपनी पेट पूजा करते हुए लहरों का आनंद ले सकेंगे।
फ्लोंटिग होटल के लिए जेटी बनाने हाईकोर्ट ने नहीं दी इजाजत
बांबे हाईकोर्ट ने फ्लोटिंग होटल तक जाने के लिए नरिमनप्वाइंट में जेटी (घाट) के निर्माण की अनुमति देने से इंकार कर दिया।हाईकोर्ट ने इस संबंध में निजी कंपनी रश्मी डेवलपमेंट प्राईवेट लिमिटेड की ओर से दायर याचिका को खारिज कर दिया है। कंपनी ने याचिका में जेटी के निर्माण के लिए मुंबई महानगरपालिका व एक कमेटी की तरफ से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) न दिए जाने के फैसले को चुनौती दी थी। न्यायमूर्ति अभय ओक और न्यायमूर्ति पीएन देशमुख ने मामले से जुड़े सभी पक्षों को सुनने के बाद निजी कंपनी की याचिका को खारिज कर दिया। अनुमति देने से इंकार करनेवाली कमेटी ने अपने आदेश में साफ किया था कि जेटी के निर्माण से नरीमनप्वाइंट की रौनक पर असर पड़ेगा और इससे इस क्षेत्र में ट्रैफिक भी प्रभावित होगा।
Created On :   8 Jan 2018 6:54 PM IST