नए साल के जश्न के लिए शुरु हो गई है ड्रग्स की तस्करी, दो विदेशी महिलाएं गिरफ्तार

Drug smuggling has started for new year celebration
नए साल के जश्न के लिए शुरु हो गई है ड्रग्स की तस्करी, दो विदेशी महिलाएं गिरफ्तार
20 करोड़ की कोकीन बरामद नए साल के जश्न के लिए शुरु हो गई है ड्रग्स की तस्करी, दो विदेशी महिलाएं गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नए साल के जश्न के लिए लोगों की नशे की खेप पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर नशे की खेप की तस्करी शुरू हो गई है। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अंतर्राष्ट्रीय गिरोह से जुड़ी दो विदेशी महिलाओं को 20 करोड़ रुपए की कोकीन से साथ गिरफ्तार किया है। दक्षिण अफ्रीका की रहने वाली मेरिंडा एस नाम की महिला को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को उस वक्त दबोचा गया जब वह इथोपिया के आडिस अबाबा हवाई अड्डे से मुंबई पहुंची थी। तलाशी के दौरान उसके पास 2 किलो 800 ग्राम कोकीन मिली। बरामद कोकीन आरोपी महिला ने अपने जूतों और पर्स में छिपाकर रखी थी। 8 पैकेट में भरा ड्रग्स छिपाने के लिए जूते और पर्स में खास व्यवस्था की गई थी। एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि महिला अक्सर भारत आती जाती रहती थी लेकिन इसकी वजह साफ नहीं थी। 

इसी आधार पर उसके रिकॉर्ड खंगाले गए और संदेह के आधार पर उस पर एनसीबी ने नजर रखनी शुरू कर दी। जैसे ही अधिकारियों को भनक लगी कि महिला एक बार फिर मुंबई आ रही है तो जाल बिछाकर उसे दबोचा गया। कोकीन बरामद होने के बाद महिला से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि नशे की खेप उसे किसी और महिला को देनी है जो उससे अंधेरी के एक होटल में मिलने आएगी। इसके बाद एनसीबी की टीम अंधेरी के उस होटल में पहुंची और महिला को अपना काम जारी रखने को कहा। इसके बाद महिला से नशे की खेप लेने एच मूसा नाम की नाईजीरियाई मूल की महिला पहुंची तो एनसीबी ने उसे भी दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर मूसा ने स्वीकार किया कि उस पर मेरिंडा से नशे की खेप लेकर उसे मुंबई में सप्लाई करने की जिम्मेदारी दी गई थी। एनसीबी की छानबीन में खुलासा हुआ है कि दोनों महिलाएं कई देशों में फैले अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करों के गिरोह का हिस्सा हैं। एनसीबी मुंबई के क्षेत्रीय निदेशक अमित घवाटे के मुताबिक मुंबई, गोवा और आसपास के इलाकों में त्योहारों और नए साल के जश्न के लिए नशे की यह खेप लाई जा रही थी। इस गिरोह से जुड़े स्थानीय आरोपियों को पकड़ने के लिए महिलाओं से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। 

 

Created On :   21 Nov 2022 3:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story