- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विदर्भ के जलाशयों में लबालब पानी,...
विदर्भ के जलाशयों में लबालब पानी, मराठवाड़ा फिर ‘सूखा’

- कम बारिश के कारण संभाग के जलाशयों में सिर्फ 18.69 प्रतिशत पानी है।
- राज्य के अन्य क्षेत्रों की तुलना में इस बार भी मानसून मराठवाड़ा से कुछ रुठा दिखाई दे रहा है।
- हालांकि यह पिछले साल की तुलना में 1.28 प्रतिशत ज्यादा है।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। अमित कुमार। राज्य के अन्य क्षेत्रों की तुलना में इस बार भी मानसून मराठवाड़ा से कुछ रुठा दिखाई दे रहा है। कम बारिश के कारण संभाग के जलाशयों में सिर्फ 18.69 प्रतिशत पानी है। हालांकि यह पिछले साल की तुलना में 1.28 प्रतिशत ज्यादा है। बीते मानसून में नागपुर और अमरावती विभाग के जलाशयों में जलसंचय कम हुआ था। लेकिन इस साल दोनों अंचल में अच्छी बारिश के कारण फिलहाल पानी की कोई कमी नजर नहीं आ रही है। नागपुर विभाग में पिछले साल 16.74 प्रतिशत के मुकाबले फिलहाल लगभग दोगुना 30.56 प्रतिशत पानी जलाशयों में है। अमरावती विभाग में 26.02 प्रतिशत पानी जमा है। इसकी तुलना में बीते साल 19.98 प्रतिशत पानी मौजूद था। नाशिक विभाग में पिछले साल के 37.28 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 35.21 प्रतिशत पानी है। जबकि कोंकण विभाग में 72.57 प्रतिशत और पुणे विभाग में 61.56 प्रतिशत जल भंडारण हुआ है।
शुक्रवार को प्रदेश सरकार के जलसंसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य भर में छोटे, बड़े और मध्यम मिलाकर कुल 3246 जलाशय हैं। इन जलाशयों में कुल 43.79 प्रतिशत पानी है। जबकि पिछले साल इस दौरान 36.24 प्रतिशत पानी उपलब्ध था। जलसंसाधन विभाग के अनुसार मराठवाड़ा विभाग के कुल 975 जलाशयों में 3,090 दलघमी (दस लाख घन मीटर) पानी है। नागपुर विभाग के 385 जलाशयों में 2,407 दलघमी और अमरावती विभाग के 443 जलाशयों में 1,832 दलघमी पानी है। नाशिक विभाग के 561 जलाशयों में 2,889 दलघमी जलसंचय है। पुणे विभाग के 725 जलाशयों में 12,279 और कोंकण विभाग के 175 जलाशयों में 2,702 दलघमी पानी उपलब्ध है।
विभागवार पानी की स्थिति
मराठवाड़ा विभाग - 18.69 प्रतिशत
नागपुर विभाग -30.56 प्रतिशत
अमरावती – 26.02 प्रतिशत
नाशिक विभाग – 35.21 प्रतिशत
कोंकण विभाग – 72.57 प्रतिशत
पुणे विभाग – 61.56 प्रतिशत
किस जलाशय में कितना पानी
जायकवाड़ी - 24.82 प्रतिशत
मांजरा - 5.87 प्रतिशत
माजलगांव - 2.15 प्रतिशत
उर्ध्व तापी हतनूर - 70.98 प्रतिशत
वाघुर - 34.98
गंगापुर - 76.97
गोसीखुर्द - 25.40 प्रतिशत
कामठी खैरी - 63.55 प्रतिशत
खिंडसी - 33.03 प्रतिशत
तोतलाडोह - 18.73 प्रतिशत
नांद- 49.16 प्रतिशत
वडगांव - 44.77 प्रतिशत
Created On :   20 July 2018 8:23 PM IST