- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अब...
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अब बॉलीवुड की मदद लेगा चुनाव आयोग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश की करीब आधी आबादी ही सरकार चुनती है। आम चुनाव में मतदान में लोगों की घटती रुचि को देखते हुए चुनाव आयोग मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बालीवुड और खेल हस्तियों की मदद लेगा। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग तैयारियों में जुट गया है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मतदान समीप आने पर मतदाताओं को जागरुक करने लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए बालीवुड कलाकारों और खेल जगत की हस्तियों की मदद ली जाएगी। उन्होंने कहा कि सेलिब्रेटी की अपील से मतदान के प्रति लोगों को जागरुक करने में मदद मिलेगी। पिछले कई लोकसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत 55 से 60 फीसदी के बीच बना हुआ है। बीते लोकसभा चुनाव (2014) में महाराष्ट्र में जहां 60.32 फीसदी मतदान हुआ वहीं देशभर का आकड़ा 66.44 प्रतिशत था। इस चुनाव में सर्वाधिक 84 फीसदी मतदान पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा मंज हुआ था।1999 के बाद दो लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में मतदान प्रतिशत में कमी आई थी लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में स्थिति थोडी सुधरी थी। पर इस चुनाव में भी 60 फीसदी से अधिक लोग वोटिंग के लिए मतदान केंद्रों पर नहीं पहुंचे थे। विधानसभा चुनाव की अपेक्षा लोकसभा चुनाव में कम वोटिंग होती है। 2014 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में जहां 60.32 फीसदी मतदान हुआ, वहीं इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में 63.08 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
वीवीपैट रसीद नहीं ईवीएम से पुनर्गणना
अधिकारी ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव और चुनावों से अलग होगा। इस चुनाव में चुनाव आयोग पर किसी तरह का आरोप न लगे इसका खास ध्यान रखा जाएगा। चुनाव आयोग ने सम्पूर्ण वीवीपैट वाली मशीनों से लोकसभा चुनाव कराने का फैसला किया है। लेकिन किसी तरह के विवाद की स्थिति में पुनर्गणना वीवीपैट रसीद नहीं बल्कि ईवीएम से ही होगी क्योंकि वीवीपैट रसीद से गणना में बहुत अधिक समय लगेगा।
लोकसभा चुनाव महाराष्ट्र में मतदान कुल मतदान
2014 60.32% 66.44%
2009 50.73% 58.21%
2004 54.38% 58.07%
1999 60.96% 59.99%
Created On :   12 Sept 2018 10:23 PM IST