रैली निकालकर बाढ़ प्रभावितों के लिए दान मांगेगे भाजपा विधायक
उधर नागपुर में प्रभावितों की सहायता के लिए भाजपा ने राज्य स्तर पर विशेष सहायता संकलन अभियान शुरु किया है। अभियान के तहत शहर के सभी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के विधायक रैली निकालकर दान स्वरुप सहायता राशि व कपड़ा आदि एकत्र करेंगे। विधायकों ने 2-2 लाख रुपये के धनादेश जारी कर दिए हैं। भाजपा के सभी 111 नगरसेवक एक माह की वेतन देंगे। शहर से एक से सवा करोड़ की सहायता निधि जमा करने का संकल्प लिया गया है। 18 से 25 अगस्त तक यह अभियान चलेगा। पार्टी की ओर से भारतीय जनता पक्ष आपदा कोष शुरु किया गया है। भाजपा के संपर्क कार्यालयों के अलावा प्रमुख कार्यालयों में सहायता जमा की जा सकती है। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता गिरीश व्यास व शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके ने जानकारी दी। वार्ता में विधायक कृष्णा खोपड़े, विधायक सुधाकर देशमुख , विधायक मिलिंद माने, विधायक सुधाकर कोहले, विधायक विकास कुंभारे, पूर्व विधायक मोहन मते शामिल थे। व्यास व दटके ने संयुक्त रुप से बताया कि सहायता संकलन के लिए निकाली जानेवाली रैली प्रमुखता से व्यापारपेठ में घूमेगी। व्यवसायियों से सहायता का आव्हान किया जाएगा। बड़ी रकम की सहायता के लिए टैक्स में छूट की सहूलियत का लाभ भी दिलाया जाएगा। सहायता के तौर पर नए कपड़े व बर्तन भी लिए जाएंगे। फिलहाल केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने 5 लाख रुपये, पूर्व राज्यसभा सदस्य अजय संचेती ने 4.51 लाख रुपये व राज्यसभा सदस्य डॉ.विकास महात्मे ने 2.51 लाख रुपए की सहायता जमा करायी है। विधानपरिषद सदस्य गिरीश व्यास, अनिल सोले, ना.गो गाणार, महापौर नंदा जिचकार, संदीप जोशी, विक्की कुकरेजा, छोटू भोयर , मोहन मते ने भी 1-1 लाख रुपए की सहायता की घोषणा की है। भाजपा शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके के मुताबिक जिन दानदाताओं को निधि, बर्तन, कपड़े , दवाई की मदद करनी हो वे स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि के अलावा धंतोली स्थित विभागीय भाजपा कार्यालय व गणेशपेठ स्थित शहर भाजपा कार्यालय में चेक या नकद राशि जमा करवा सकते हैं।
भाजपा सांसद पाटील को कैबिनेट मंत्री का दर्जा
उधर महाराष्ट्र कृष्णा खोरे विकास महामंडल के उपाध्यक्ष व भाजपा संजय (काका) पाटील को कैबिनेट मंत्री पद का दर्जा दिया गया है। शुक्रवार को राज्य सरकार के जलसंसाधन विभाग की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया। पाटील सांगली लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद भी हैं। सरकार ने पिछले साल पाटील की कृष्णा खोरे महामंडल के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति की थी।