- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- फडणवीस अंदाज़-ए-बयां : मंजिलें...
फडणवीस अंदाज़-ए-बयां : मंजिलें मिलीं उनको, जो दौड़ में शामिल न थे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाविकास आघाड़ी की सरकार को जनता ने नहीं चुना है। जोड़तोड़ की राजनीति करके तीन दलों ने मिलकर सरकार बनाई है। फडणवीस ने एक शेर पढ़कर सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार के बारे में कहा जाता है कि ‘आज वे हुए मशहूर, जो कभी काबिल न थे, और मंजिलें मिली उनको जो दौड़ में शामिल न थे’।
मंगलवार को भाजपा की ओर से किसान कर्जमाफी और महिला अत्याचार की बढती घटनाओं पर आजाद मैदान में धरना-आंदोलन किया गया। इसमें प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील समेत पार्टी के विधायक व पूर्व मंत्री शामिल हुए। फडणवीस ने कहा कि हम लड़ने वाले लोग हैं। हम एक बार फिर से लड़कर सत्ता हासिल करेंगे। फडणवीस ने कहा कि हमें भाजपा के साथ हुए विश्वासघात की चिंता नहीं है बल्कि हम लोगों को किसानों के साथ हुए विश्वासघात की चिंता है। सरकार किसानों को मुर्ख बनाने का काम कर रही है।
फडणवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को बताना चाहिए कि उनके बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 25 हजार और फलबाग के किसानों को 50 हजार रुपए मदद देने की घोषणा का क्या होगा। फडणवीस ने कहा कि सरकार ने वचन भंग करने की शुरुआत किसानों से की है। भाजपा सरकार ने साल 2014 के विधानसभा चुनाव घोषणपत्र में शामिल किए बिना किसानों को 19 हजार करोड़ रुपए की कर्ज माफी देने का फैसला किया था। वहीं प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पाटील ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी की ओर से राज्य भर में 355 जगहों पर धरना प्रदर्शन किया गया। पार्टी का दावा है कि राज्यभर में लगभग 2.50 लाख लोग धरने में शामिल हुए हैं।
राज्यपाल को 55 हजार किसानों का पत्र
राज्य सरकार की कर्ज माफी के विरोध में 55 हजार किसानों द्वारा लिखे गए पत्र को भाजपा की ओर से राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को सौंपा गया। विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पाटील ने राज्यपाल को किसानों का पत्र सौंपा।
Created On :   25 Feb 2020 9:38 PM IST