- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- नाफेड को सोयाबीन बेचने रुचि नहीं...
नाफेड को सोयाबीन बेचने रुचि नहीं दिखा रहे किसान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में किसान नाफेड को सोयाबीन बेचने में ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इस कारण सोयाबीन खरीद में तेजी नहीं आ पा रही है। लगभग दो महीनों में अभी तक महज 2 लाख 13 हजार 593 क्विंटल सोयाबीन खरीदा गया है। राज्य के 75 हजार 674 किसानों ने सोयाबीन बेचने के लिए पंजीयन कराया है पर 14 हजार 616 किसान सरकारी खरीद केंद्र पर सोयाबीन बेचने के लिए पहुंचे हैं। नाफेड ने सोयाबीन खरीदने के लिए 158 केंद्र खोले हैं। सरकार ने 10 लाख क्विंटल सोयाबीन खरीदने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश सरकार के विपणन विभाग ने यह जानकारी दी है।
क्या कहते हैं आंकड़े ?
इसके मुताबिक 8 हजार 87 किसानों ने 38 हजार 460 क्विंटल मूंग भेजा है। मूंग बेचने के लिए 21 हजार 234 किसान पंजीयन करा चुके हैं। नाफेड ने खरीद केंद्रों के जरिए 2 लाख 947 क्विंटल उड़द खरीदा है। उड़द बेचने के लिए 82 हजार 144 किसानों ने पंजीयन कराया है। लेकिन अब तक 30 हजार 444 किसानों ने उड़द बेची है। मूंग के लिए 111 और उड़द के लिए 115 खरीद केंद्र शुरू हैं। सोयाबीन के लिए प्रति क्विंटल 3050, मूंग के लिए 5575 और उड़द के लिए 5400 रुपए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है।
अमरावती और यवतमाल में बनेगा गोदाम
महाराष्ट्र राज्य बखार महामंडल अब अमरावती के चांदूरबाजार और यवतमाल के उमरखेड़ में गोदाम बनाएगा। प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग ने शासनादेश जारी करके गोदाम बनाने के लिए प्रशासकीय मंजूरी दी है। इसके अनुसार चांदूरबाजार में 1800 मीट्रिक टन और यवतमाल के उमरखेड में 1000 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम बनाया जाएगा। इससे पहले सहकारिता विभाग ने यवतमाल के दारव्हा में 3150 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम बनाने की मंजूरी दी थी। लेकिन दारव्हा के साजेगांव में 2 हेक्टेयर जमीन की कीमत ज्यादा होने के कारण भूखंड नहीं मिल सका। इस कारण राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत गोदाम नहीं बनाया जा सका। इसके मद्देनजर महाराष्ट्र राज्य बखार महामंडल ने सरकार को पत्र लिख करके गोदाम बनाने की जगह को बदलने की मांग किया था। इससे पहले साल 2015 में राज्य के तत्कालीन मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश के आदिवासी और आत्महत्या ग्रस्त जिलों में 9 जगहों पर गोदाम बनाने का फैसला लिया गया था। इसके लिए 9.82 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे।
Created On :   10 Dec 2017 9:59 PM IST