- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- छह लाख अपराधियों की तस्वीरें होंगी...
छह लाख अपराधियों की तस्वीरें होंगी ऑनलाइन, महाराष्ट्र पहला राज्य

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में छह लाख से ज्यादा अपराधियों की तस्वीरें, उंगलियों के निशान, आंखों की रेटिना जैसी अहम जानकारियां जल्द ही ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। इसके लिए सोमवार को ऑटोमेटेड मल्टी मॉडल बायोमेट्रिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (एंबिस) प्रणाली शुरू की गई। मुंबई पुलिस के मुख्यालय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एंबिस प्रणाली की शुरूआत की। एंबिस प्रणाली शुरू करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है इस पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि नई तकनीक से अपराध साबित करने और दोषियों को सजा दिलाने में पुलिस को मदद मिलेगी।
एंबिस प्रणाली की शुरूआत मुंबई से होगी और धीरे-धीरे इसका दायरा पूरे राज्य में बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीसीटीवी, सीसीटीएनएस और एंबिस जैसी तकनीकों के सहारे शहर को सुरक्षित रखने और गंभीर अपराधों में आरोपियों पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में शहर में चरणबद्ध तरीके से एंबिस प्रणाली शुरू कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 लाख अपराधियों के फिंगर प्रिंट डेटाबेस में जोड़े जा रहे हैं और पुलिस रोजाना 85 से ज्यादा गंभीर अपराधों को सुलझाने में कामयाब हो रही है। नई तकनीक के इस्तेमाल से अपराधियों में पकड़े जाने का डर रहेगा।
सिर्फ फिंगर प्रिंट नहीं अब पुलिस के पास अपराधियों का पूरा रिकॉर्ड होगा। पुलिस गूगल की तरह इसका इस्तेमाल कर सकेगी। उन्होंने कहा कि मुंबई में लगे सीसीटीवी की मदद से प्रशासन लोगों की बेहतर सेवा कर पा रहा है। महाराष्ट्र साइबर के विशेष पुलिस महानिरीक्षक ब्रिजेश सिंह ने कहा कि एंबिस प्रणाली के जरिए अपराधियों के जुड़ी सारी जानकारी हासिल की जा सकती है। मुंबई के 94 पुलिस स्टेशनों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसे शुरू किया गया है और 200 से ज्यादा पुलिस कर्मचारियों को इसके लिए प्रशिक्षित किया गया है।
Created On :   29 July 2019 9:14 PM IST