साथी की हत्या को हादसा बतानेवाला दोस्त गिरफ्तार

Friend arrested for telling his friends murder as an accident
 साथी की हत्या को हादसा बतानेवाला दोस्त गिरफ्तार
ठाणे  साथी की हत्या को हादसा बतानेवाला दोस्त गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई. ठाणे में 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले की छानबीन के दौरान खुलासा हुआ है कि उधार लिए गए तीन हजार रुपए न मिलने पर उसके दोस्त ने ही उसकी हत्या की है। वारदात 8 फरवरी को हुई थी। इसके बाद आरोपी ने दावा किया कि हादसे के चलते व्यक्ति की जान गई थी। लेकिन छानबीन में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद गले पर कांच के टुकड़े से वार कर दोस्त की जान ली थी। गिरफ्तार आरोपी का नाम रक्षित पाखरे हैं राबोडी पुलिस ने उसे भिवंडी के काल्हेर इलाके से गिरफ्तार किया है। राबोडी के गोकुलनगर में स्थित तेजोदीप नाम की इमारत की पांचवीं मंजिल पर स्थित घर में बिपिन विसारिया का शव मिला था। बिपिन के गले पर चोट के निशान थे और घर की खिड़की का कांच टूटा हुआ था। शुरूआत में पुलिस को लगा कि नशे में पैर फिसलकर खिड़की पर गिरने और कांच लगने के चलते विसारिया की मौत हुई है। लेकिन पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वारदात की रात उन्होंने बचाओ, बचाओ की आवाज सुनी थी। इसके बाद पुलिस ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी की जांच की तो उसमें एक व्यक्ति घर से बाहर जाता दिखा। पुलिस ने विसारिया की पत्नी से उस व्यक्ति के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि वह उनके पति का दोस्त पाखरे है।

इसके बाद पुलिस ने पाखरे से पूछताछ शुरू की तो उसने पुलिस को शुरुआत में गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि उस रात उसने विसारिया के साथ काफी शराब पी ली थी। इसी दौरान विसारिया लड़खड़ाकर खिड़की पर गिर गया और गले में कांच लगने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वह डर गया और किसी को बिना कुछ बताए वहां से चला गया। लेकिन पुलिस को उसके बयान पर भरोसा नहीं हुआ और कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने सच्चाई कबूल कर ली। पाखरे ने बताया कि विसारिया ने उससे तीन हजार रुपए उधार लिए थे जो वह वापस नहीं कर रहा था। इसी दौरान विसारिया ने उसे साथ शराब पीने के लिए घर बुलाया। दोनों ने शराब पी जिसके बाद पैसों को लेकर विवाद हुआ और पाखरे के मुताबिक उसने विसारिया को धक्का दिया जिससे वह कांच पर गिरा और कांच टूट गया। इसके बाद उसने कांच के टुकड़े से विसारिया के गले पर वार कर उसकी जान ले ली।      

Created On :   15 Feb 2023 4:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story