लवर को पसंद थी परशियन प्रजाति की बिल्ली, फरमाइश पूरी करने बन गया चोर

Girlfriend likes cat - He was stolen Persian cat to fulfill her wish
लवर को पसंद थी परशियन प्रजाति की बिल्ली, फरमाइश पूरी करने बन गया चोर
लवर को पसंद थी परशियन प्रजाति की बिल्ली, फरमाइश पूरी करने बन गया चोर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रेमी-प्रेमिका के यूं तो कई किस्से सुनने और देखने को मिलते रहते हैं। कोई आसमान से चांद की फरमाइश करता है, तो कोई अच्छे होटल में खान-पान या फिर घूमने फिरने की इच्छा जाहिर करता है, लेकिन प्रेमिका द्वारा एक बिल्ली की फरमाइश करना, वो भी चुरा कर लाने की बात शायद किसी को यकीन नहीं होगा, पर सच बात है।  नागपुर के मानकापुर क्षेत्र में भी एक ऐसे ही प्रेम दीवानों का किस्सा शनिवार को देखने-सुनने को मिला। 

30 हजार है कीमत 

प्रेमिका के कहने पर युवक ने एक महिला डॉक्टर की बिल्ली चुराई, क्योंकि यह बिल्ली उसकी प्रेमिका को पसंद आ गई थी। लेकिन यह चोरी दोनों के लिए महंगी पड़ गई। पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को बिल्ली चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हर्षल गजानन मानापुरे (21) और विलेशा चेतराम बंसोड (25) ताजनगर झोपड़पट्टी निवासी हैं। मानकापुर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वजीर शेख ने बताया कि प्रेमी-प्रेमिका लिव इन रिलेशनशिप में रहते हैं। युवती कैटरिंग का काम करती है। उसके कहने पर हर्षल ने महिला डॉक्टर अंजुमंद अली जिया शाइद (42) की "डालर' नामक परशियन बिल्ली को चुरा लिया। बिल्ली की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई जाती है। बिल्ली चुराने के लिए दोनों आरोपी 3-4 दिन से डॉक्टर के घर की रेकी कर रहे थे। वह जानते थे िक बिल्ली घर के बाहर निकलती है और नित्यकर्म से फारिग होकर वापस घर में चली जाती है। मौका मिलते ही हर्षल ने बिल्ली को चुरा लिया। 

मालकिन को देखते ही उछल कर गोद में बैठी

बिल्ली के घर में वापस नहीं आने पर महिला डॉक्टर ने शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह भी खोजबीन की। शनिवार की सुबह महिला डॉक्टर को ताजनगर परिसर में कुछ बच्चों से पता चला कि उनकी बिल्ली को हर्षल और उसकी प्रेमिका ने चुराकर अपने घर में रखा है। महिला डॉक्टर ने जब प्रेमी युगल से पूछताछ की, तब उन्होंने यह बात कबूल की, लेकिन जिस कमरे में बिल्ली को  रखने की बात की, वहां पर बिल्ली नहीं थी। तब डॉक्टर ने पुलिस की मदद ली। थाने के अंदर अपनी मालकिन को देखते ही बिल्ली उछल कर डॉक्टर की गोद में आ बैठी। डॉक्टर के घर में तीन और बिल्लियां हैं। उन्हें इन बिल्लियों से बेहद लगाव है। पुलिस ने बिल्ली को उसकी मालकिन के सुपुर्द कर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बिल्ली चोरी की बात से पुलिस हैरान

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शेख ने बताया कि गाडगे सोसाइटी अनीस जफर विला प्लॉट नंबर 52 बी मानकापुर निवासी डॉ अंजुमंदअली जिया शाइद ने मानकापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर का परशियन प्रजाति की "डालर' (नर) बिल्ली चोरी हो गई है। बिल्ली चोरी की बात सुनकर पुलिस भी कुछ पल के लिए आवाक रह गई, क्योंकि बिल्ली चोरी की शिकायत थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने  शायद पहली बार सुनी थी। महिला डॉक्टर ने बताया कि यह बिल्ली उनके मुंहबोले भाई हंसापुरी निवासी गुड्डू गुप्ता ने दो वर्ष पहले तोहफे में दिया था। 25 अप्रैल की रात करीब 11.30 बजे बिल्ली घर के बाहर गई, तो वापस नहीं लौटी। रात में खोजबीन की, लेकिन बिल्ली नहीं मिली। शनिवार को सुबह खबर मिली कि ताजनगर झोपड़पट्टी में विलेशा बंसोड़ और उसके प्रेमी हर्षल मानापुरे के पास है। तब डॉक्टर ने इन दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विलेशा के कहने पर हर्षल ने बिल्ली की चोरी की। जांच जारी है।

Persian cat - यह सबसे खूबसूरत बिल्‍लियों में शुमार है। इसके बड़े बाल काफी आकर्षित करते हैं, चेहरा गोल होता है, इस बिल्ली का शरीर भरा-भरा दिखता है। मिडिल ईस्‍ट में इसे सिराज या सिराजी के नाम से भी जाना जाता है।

 

Created On :   28 April 2019 11:35 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story