- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- गोयल बोले- नागरिकता कानून को लेकर...
गोयल बोले- नागरिकता कानून को लेकर जनता को भ्रमित कर रहा विपक्ष, जानिए आजमी ने रेलमंत्री को पत्र में क्या लिखा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागरिकता संसोधन कानून (सीएए) पर विपक्ष दिगभ्रमित है, इस लिए वह लोगों को भी भ्रमित कर रहा है। यह बात रेल एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कही है। शुक्रवार को महानगर में रेलमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए देश का माहौल खराब कर रहे हैं। गोयल मुंबई में समान नागरिकता कानून के समर्थन में भाजपा द्वारा शुरू किये जा रहे 10 दिवसीय अभियान के तहत आयोजित विशेष कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत में रेल मंत्री गोयल का स्वागत करते हुए मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि अगले 10 दिन तक मुंबई में समान नागरिकता कानून के समर्थन में एक सौ से भी ज्यादा जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलेगा। इस हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत रेल मंत्री पीयूष गोयल ने आज की। इस आयोजन में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, लेखक, चिंतक, विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। इंडियन मर्चेंट्स चैम्बर्स में आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री गोयल ने कहा कि समान नागरिकता कानून को सभी को खुले दिल से स्वीकार करना चाहिए। क्योंकि इस कानून से शरणार्थियों को अच्छे अवसर मिलेंगे। रेल मंत्री गोयल ने कहा कि यह कोई अचानक लाया हुआ कानून नहीं है। बल्कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसका वादा किया था।
तीन करोड़ परिवारों से करेंगे सम्पर्क
उन्होंने कहा कि यह सरकार जनहित के अनेक कार्य कर रही है, इसलिए अपनी प्रासंगिकता खत्म होती देख विपक्षी दल भ्रम फैला रहे हैं। इस भ्रम को समाप्त करने के लिए ही भाजपा ने 10 दिन का यह संपर्क अभियान चलाया है, जिसके तहत तीन करोड़ परिवारों से संपर्क कर इस कानून के बारे में स्पष्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कि समान नागरिक कानून देता है, लेता नहीं है। इसलिए भारतीय मुसलमानों को इस मामले में चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उनका कुछ भी नहीं छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक कानून के बारे में दुष्प्रचार करने वाली कांग्रेस दिशाहीन पार्टी है। इसी लिए इस कानून को लेकर वह दुष्प्रचार करने वाली पार्टियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक नहीं बल्कि भावना का मुद्दा है। क्योंकि भारत आये पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश के अल्पसंख्यक शरणार्थियों को हमारे देश में नया जीवन मिले, यह सरकार का कर्तव्य है।
यहां बहुसंख्यक घट रहे, अल्पसंख्यक बढ़ रहे
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विभाजन के लिए मूल रूप से कांग्रेस जिम्मेदार है। क्योंकि उसके नेता पद छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। इस लिए उन्होंने देश के विभाजन को स्वीकार किया। उन्होंने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि आजादी के समय पाकिस्तान में अल्पसंख्यक 23% थे, जो अब केवल 3% रह गए हैं, जबकि भारत में 10% से बढ़कर 14% हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और यहां सबके लिए समान कानून है। यहां बहुसंख्यक घट गए हैं और अल्पसंख्यक बढ़ रहे हैं। पाकिस्तान में धर्म के आधार पर भेदभाव व अन्याय किया जाता है। वहां अल्पसंख्यकों को माथे पर सिंदूर लगाने की इजाजत नहीं है और स्कूलों में भी धर्म के आधार पर दुर्व्यवहार झेलना पड़ता है। इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समान नागरिक कानून के जरिए भारत में शरणार्थियों को नागरिकता देने का यह संकल्प लिया है।
हिंदुत्व की रक्षा करने वाले अब किसके साथ
रेल मंत्री गोयल ने शिवसेना पर प्रहार करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि जो कभी हिंदुत्व की रक्षा की कभी बात करते थे वह आज किन के साथ खड़े हैं और लोकसभा में समर्थन के बाद किनके इशारों पर राज्यसभा में समान नागरिकता कानून का विरोध कर रहे हैं यह भी स्पष्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि समान नागरिकता कानून के साथ-साथ एनआरसी पर भी कांग्रेस भ्रम फैला रही है। मगर असल में एनआरसी का शुरुआत कांग्रेस ने ही की थी, यह भी किसी से छुपा नहीं है
नागपुर के उत्तरभारतीयों के लिए आजमी ने रेलमंत्री को लिखा पत्र
समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष और विधायक अबु आसिम आजमी ने नागपुर में रहने वाले उत्तर प्रदेश के यात्रियों से जुड़ी समस्याओं के निवारण के लिए रेल मंत्री पियुष गोयल को खत लिखा है। आजमी ने नागपुर से छपरा जाने वाली गंगा-कावेरी साप्ताहिक एक्सप्रेस को उत्तर प्रदेश के मऊ से होकर चलाने की मांग की है। आजमी ने रेलमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि नागपुर में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश खासकर पूर्वांचल इलाके के लोग रहते हैं लेकिन यहां से मऊ, आजमगढ़ जाने के लिए सीधी ट्रेन सेवा नहीं है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी होती है। नागपुर और जौनपुर के बीच बस सेवा है लेकिन बसों में काफी भीड़ रहती है और 5-5 महीने तक बसों के टिकट रिजर्व रहते हैं। इसी के मद्देनजर आजमी ने मांग की है कि सप्ताह में दो दिन नागपुर से छपरा (बिहार) जाने वाली गंगा-कावेरी (ट्रेन संख्या 12669) को एक दिन मऊ होकर चलाया जाए जिससे आजमगढ़ और मऊ जाने वालों को थोड़ी राहत मिले।
Created On :   3 Jan 2020 9:47 PM IST