पश्चिम बंगाल के चुनाव में पसीना बहा रहे महाराष्ट्र के हिंदीभाषी नेता

Hindi speaking leaders of Maharashtra sweating in West Bengal elections
पश्चिम बंगाल के चुनाव में पसीना बहा रहे महाराष्ट्र के हिंदीभाषी नेता
पश्चिम बंगाल के चुनाव में पसीना बहा रहे महाराष्ट्र के हिंदीभाषी नेता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इस समय पूरे देश की नजर पश्चिम बंगाल के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने यह चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोक दी है। भाजपा के कई हिंदीभाषी नेता मुंबई से बंगाल पहुच कर भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांग रहे हैं जबकि कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्याध्यक्ष नसीम खान भी कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने कोलकता पहुंचे हैं। 

मुंबई के उत्तर भारतीय नेताओं को भी पश्चिम बंगाल के चुनाव में हिंदी भाषी इलाकों में पार्टी का प्रचार-प्रसार करने का जिम्मा सौंपा गया है। मुंबई से लगभग 50 छोटे-बड़े नेता इन दिनों पश्चिम बंगाल डेरा जमाए हुए हैं। उत्तर मध्य मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष शुभ्रांशु दीक्षित ने बताया कि मुंबई भाजपा के महासचिव संजय उपाध्याय सहित मुंबई के कई अन्य भाजपा नेताओं के साथ वे बीते 30 मार्च से कोलकता के हिंदीभाषी बाहुल्य इलाके में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। दीक्षित ने बताया कि उन्हें उत्तरी कोलकाता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुंबई से गए उत्तर भारतीय नेताओं के नेतृत्व में कोलकाता में पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता सड़कों पर पदयात्रा कर पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं।

दीक्षित बताते हैं कि उत्तरी कोलकाता में ज्यादातर उत्तर प्रदेश और  बिहार के लोग रहते हैं। हमें विश्वास है कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोलकाता में परिवर्तन होकर रहेगा। पूर्व मंत्री व मुंबई से भाजपा विधायक आशिष शेलार भी पार्टी का प्रचार करने के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। पश्चिम बंगाल गए मुंबई के भाजपा नेताओं में मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र भी शामिल हैं। मिश्र जोरासान्को विधानसभा में मीना पुरोहित व चौरंगी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी देवदत्ता माझी के प्रचार में शामिल हुए और पश्चिम बंगाल के वैभव को बचाने बढ़ाने  के लिए भाजपा को लाने की अपील की। 

नसीम खान कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल

दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के कार्याध्यक्ष नसीम खान भी पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए कोलकता पहुंचे हैं। कोलकता पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। खान महाराष्ट्र के एक मात्र कांग्रेस नेता हैं जिन्हें पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है।  

Created On :   9 April 2021 3:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story