शाह को उम्मीद, लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ रहेगी शिवसेना

Hope to shah - Shiv Sena will remain with BJP in Lok Sabha elections
शाह को उम्मीद, लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ रहेगी शिवसेना
शाह को उम्मीद, लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ रहेगी शिवसेना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना की तमाम नाराजगी के बावजूद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने सहयोगी दल को लेकर अब भी उम्मीद बरकरार है। शाह ने कहा कि मुझे भरोसा है कि साल 2019 के चुनाव में शिवसेना भाजपा के साथ होगी। दोनों एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को एक अंग्रेजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में शाह ने कहा कि मैं मानता हूं कि शिवसेना हमारे साथ रहेगी। मेरी पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे से बातचीत हो चुकी है। आगामी चुनावों में  गठबंधन को लेकर मुख्यमंत्री और उनकी टीम से चर्चा हो रही है। लेकिन तब तक दोनों दलों के बीच गठबंधन के बारे में कुछ तय नहीं हो जाता है तब तक बातचीत सार्वजनिक करना उचित नहीं है। 

राम मंदिर के मामले में शिवसेना के आक्रामक रूख पर शाह ने कहा कि शिवसेना अयोध्या में हमें चुनौती नहीं दे रही है। हम भी मानते हैं कि अयोध्या में मंदिर बनना चाहिए। हमारे बीच कोई विवाद नहीं है। शाह ने कहा कि शिवसेना दूसरों राज्यों के विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार खड़े करती है। लेकिन इसमें भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है। शाह ने कहा कि सच्चाई है कि शिवसेना केंद्र और प्रदेश दोनों जगह पर सरकार में है। शिवसेना के कारण मीडिया को केवल सुर्खियां मिलती हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि पार्टी हमारे साथ सरकार में है। भाजपा की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के तल्ख तेवर पर शाह ने कहा कि गठबंधन में ऐसा होता ही रहता है। लेकिन अंत में सब इकट्ठा होकर चुनाव लड़ते हैं। 

तीन राज्यों में हार पर आत्मचिंतन करेंगे 
शाह ने कहा कि विपक्षी दलों का महागठबंधन देश भर में अस्तित्व में नहीं है। महागठबंधन एक भ्रांति है। महागठबंधन अपने-अपने राज्यों के नेताओं का है। ये नेता दूसरे राज्यों में अपने किसी सहयोगी दल की मदद करने की स्थिति में नहीं हैं। महागठबंधन में यह भी तय नहीं है कि उनका नेता कौन होगा। तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हारने के सवाल पर शाह ने कहा कि हम चुनाव में हार पर आत्मचिंतन करेंगे। लेकिन विधानसभा चुनाव के परिणाम को साल 2019 के लोकसभा चुनाव से जोड़ना सही नहीं होगा।   

मोदी के नेतृत्व में एनडीए लड़ेगा 2019 का चुनाव 
शाह ने कहा कि साल 2019 का लोकसभा चुनाव भाजपा एनडीए के रूप में लड़ेगी। इसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही करेंगे। नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा। इससे पहले प्रदेश के किसान नेता तथा राज्य सरकार के वसंतराव नाईक खेती स्वावलंबन मिशन के अध्यक्ष किशोर तिवारी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और महासचिव भैयाजी सुरेश जोशी को एक पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा को साल 2019 का चुनाव केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा 2019 का चुनाव जीतना चाहती है तो अहंकारी मोदी को हटाकर विनम्र गडकरी को उनकी जगह ले आए।
 

Created On :   19 Dec 2018 8:21 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story