- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- प्रेमी के साथ मिलकर उतार दिया पति...
प्रेमी के साथ मिलकर उतार दिया पति को मौत के घाट, दोनों आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। तामिया के ग्राम बटकीढाना में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात तहसील कार्यालय में पदस्थ भृत्य की हुई अंधी हत्या का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने जांच के बाद हत्या का षडय़ंत्र रचने वाली मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया है।
इस संबंध में टीआई कोमल दियावार ने बताया कि मनिराम पिता जगनसी भारती (36) की हत्या का षडय़ंत्र पत्नी सरीता (26) ने परासिया के बेलगांव निवासी प्रेमी विरेन्द्र पिता सुमरी उईके (28) के साथ मिलकर रचा था। रविवार रात छपरी में मनिराम के साथ उसकी पत्नी और बेटा भी सो रहे थे। प्लान के मुताबिक रात लगभग दो बजे विरेन्द्र उईके उनके घर पहुंचा, बच्चे को उठाकर सरीता घर के भीतर चली गई थी। आरोपी ने गहरी नींद में सोये मनिराम के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद भाग रहे आरोपी को मनिराम की मां ने भी देख लिया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी सरीता और विरेन्द्र उईके को हिरासत में ले लिया है।
पांच माह पूर्व भी गोदा था चाकू से-
अमरवाड़ा स्थित सरकारी आवास में रहने वाले मनिराम भारती पर बीती 26 मई 2019 की रात अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला किया था। इस दौरान भी मनिराम को गंभीर चोट आई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विरेन्द्र उईके ने ही मनिराम पर प्राणघातक हमला किया था।
बच्चे से मिली अहम जानकारी-
मृतक का लगभग साढ़े पांच साल का बेटा है। पुलिस सूत्रों की माने तो मृतक का बेटा आरोपी को पहले से पहचानता था। वह मां के साथ विरेन्द्र से मिला था जो उन्हें बाइक पर घुमाया करता था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने विरेन्द्र को दबोचा और पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया।
Created On :   15 Oct 2019 10:20 PM IST