अवैध कोयला खनन... मिट्टी-पत्थर धंसकने से एक की मौत, दो घायल

अवैध कोयला खनन... मिट्टी-पत्थर धंसकने से एक की मौत, दो घायल
अवैध कोयला खनन... मिट्टी-पत्थर धंसकने से एक की मौत, दो घायल

दो घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भेजा
डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/परासिया।
अंबाड़ा स्थित मोआरी ओपन कास्ट माइंस (ओसीएम) में अवैध कोयला खनन के दौरान गुरुवार रात मिट्टी और पत्थर धंसक गए। इस हादसे में 18 वर्षीय लोकेश सराठे की मौके पर मौत हो गई। मिट्टी-पत्थर में दबने से दो अन्य युवकों को गंभीर चोटें आई है। घायलों को परासिया अस्पताल में प्राथमिक इलाज देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस हादसे ने ओपन कास्ट माइंस में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
मोआरी ओसीएम में कांटेक्टर मेसर्स स्टार एक्स केएनएस जेबी द्वारा ओव्हर बर्डन-ओबी हटाने और कोयला खनन जारी है। ओसीएम क्षेत्र से लगे कुछ स्थानों पर कोल माफियाओं द्वारा अवैध कोयला खनन किया जा रहा है। गुरुवार रात लगभग दस बजे अवैध कोयला खनन के दौरान मिट्टी-पत्थर धंसक गए। मिट्टी और पत्थर में तीन युवक दब गए थे। इस हादसे में लोकेश सराठे की मौत हो गई। वहीं बजरंग दफाई निवासी 25 वर्षीय फैजान अंसारी व एक अन्य युवक को गंभीर चोटें आई थी। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया है।
रात में हादसा, पुलिस को सुबह पता चला-
गुरुवार रात लगभग दस बजे मोआरी माइंस में अवैध खनन के दौरान मिट्टी और पत्थर धंसने से तीन युवक गंभीर घायल हुए। लोगों ने घायलों को परासिया अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से एक युवक की मौत भी हो गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे की जानकारी पुलिस को नहीं थी। शुक्रवार सुबह पुलिस को हादसे की सूचना मिली। तब मामले की जांच शुरू की गई। दोपहर में पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और घायल का बयान दर्ज किया।  
क्या कहते हैं अधिकारी--
मोआरी ओपन कास्ट माइंस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआईएसएफ की तैनाती है। माइंस में अवैध खनन और खनन के दौरान हादसे में युवक की मौत की जानकारी मुझे नहीं है।
- अरुण शर्मा, प्रबंधक, मोआरी खदान
-अम्बाड़ा ओसीएम मेें अवैध खनन के दौरान मिट्टी धंसने से लोकेश सराठे की मौत की सूचना मिली है। परासिया पुलिस ने मर्ग कायम किया है। परासिया से मर्ग डायरी मिलने पर प्रकरण को जांच में लिया जाएगा।
- शरद मालवीय, प्रभारी, अम्बाड़ा चौकी
 

Created On :   9 Jan 2021 12:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story