असम-मिजोरम सीमा विवाद में घायल आईपीएस अधिकारी का मुंबई में ऑपरेशन- निकाली गोली

IPS officer injured in Assam-Mizoram border dispute brought to Mumbai, operated
असम-मिजोरम सीमा विवाद में घायल आईपीएस अधिकारी का मुंबई में ऑपरेशन- निकाली गोली
असम-मिजोरम सीमा विवाद में घायल आईपीएस अधिकारी का मुंबई में ऑपरेशन- निकाली गोली

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सीमा विवाद को लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों असम और मिजोरम के पुलिस बलों के बीच हुई गोलीबारी में घायल हुए आईपीएस अधिकारी वैभव निंबालकर को इलाज के लिए विमान से मुंबई लाया गया है। बुधवार को महानगर के एक निजी अस्पताल में उनकी सर्जरी हुई। पुणे के रहने वाले 2009 बैच के अधिकारी असम में कछार के पुलिस अधीक्षक हैं और उन्हें सोमवार को हुई गोलीबारी में चोटें आईं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें मंगलवार शाम को विमान से लाया गया तथा मुंबई के अंधेरी इलाके में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि निंबालकर की यहां तीन घंटे तक सर्जरी हुई जिसमें उनके शरीर से गोली के टुकड़े निकाले गए। गोली से ज्यादातर चोटें कुल्हे तथा शरीर के निचले हिस्से पर लगी हैं। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक बात है कि किसी भी मुख्य अंग को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। निंबालकर की तीन साल की बेटी है जो असम में है। मुंबई की पुलिस उपायुक्त एन अम्बिका ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। असम-मिजोरम सीमा पर सोमवार को हिंसक झड़पों में निंबालकर के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) समेत छह पुलिसकर्मी तथा एक आम नागरिक मारे गए और करीब 50 अन्य घायल हो गए। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को घोषणा की कि मृतकों के परिजन को 50 लाख रुपये दिए जाएंगे तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी जबकि घायलों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने मिजोरम सीमा पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को एक महीने का अतिरिक्त वेतन देने की भी घोषणा की।
 

Created On :   28 July 2021 4:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story