- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सीएम फडणवीस ने कहा- संगठनात्मक कौशल...
सीएम फडणवीस ने कहा- संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते थे कामत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत के निधन पर तमाम नेताओं ने बुधवार को शोक जताया। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने अपने शोक संदेश में कामत को उत्कृष्ट संगठनात्मक कौशल वाला व्यक्ति बताया जो जनता के प्रति समर्पित थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री 63 वर्षीय कामत का बुधवार को नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया।
फडणवीस ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुंबई की जनता के साथ कामत के संबंध बहुत अच्छे थे। वह शहर की समस्याओं को सुलझाने में हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने कहा कि कामत में ना सिर्फ कुशल संगठनात्मक क्षमता थी बल्कि वह बहुत पढ़ते थे और मुद्दों पर ठोस रुख रखते थे। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने भी कामत के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि हमने मुंबई के लोगों की नब्ज़ पहचानने वाले और संसद में हमेशा उनकी आवाज बनने वाले नेता को खो दिया। भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कामत बेहद शालीन राजनीतिज्ञ थे जो हमेशा मुंबई के लिए लड़े। उन्होंने कहा, ‘लोकसभा चुनावों में हम एक-दूसरे के खिलाफ लड़ते रहे, कुछ जीते तो कुछ हारे भी।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कामत के निधन को बड़ा सदमा बताते हुए कहा कि यह सभ्य और विश्वास से भरे नेतृत्व का अंत है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में हम कामत के परिवार के साथ हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय दत्त ने कहा कि कामत बहुमुखी प्रतिभा के धनी और परिणामोन्मुख नेता थे। पार्टी और उसके नेतृत्व के प्रति उनकी वफादारी पार्टी कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
Created On :   22 Aug 2018 9:00 PM IST