- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- गन्ना कटाई के लिए न जाने पर अपहरण-...
गन्ना कटाई के लिए न जाने पर अपहरण- 5 के खिलाफ एफआईआर, यूपी से फरार ईनामी अपराधी मुंबई में धराया
डिजिटल डेस्क, मुंबई। पांच हजार रुपए का अग्रिम भुगतान लेने के बावजूद गन्ना कटाई के लिए न पहुंचने से नाराज कुछ लोगों ने एक शख्स को अगवा कर लिया। अगवा किया गया शख्स और आरोपी मूल रूप से जालना जिले के रहने वाले हैं लेकिन वारदात ठाणे के भिवंडी इलाके में हुई। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामले में अशोक ढाकरगे नाम के शख्स ने भिवंडी के कोनगांव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। ढाकरगे के मुताबिक उनके ससुर बाला साहेब थोरात, सास संगीता बाई, साला मंगेश छह महीने पहले जालना जिले में गन्ना कटाई का काम करते थे। इसी दौरान मंठा तालुका के झाटखेडा में रहने वाले भीमा चव्हाण ने छह महीने तक गन्ना कटाई के लिए संगीता को पांच हजार रुपए का अग्रिम भुगतान किया था। छह महीने के लिए परिवार को कुल 60 हजार रुपए देने का वादा किया गया था। परिवार ने गन्ना कटाई के लिए जाने से पहले बकाया रकम की मांग की और नहीं देने पर मजदूरी के लिए भिवंडी आ गए। इसके बाद चव्हाण ने गन्ना कटाई के लिए परिवार को बुलाना जारी रखा तो उन्होंने अग्रिम भुगतान के तौर पर लिए गए पैसे वापस करने और गन्ना कटाई के लिए न आ पाने की बात कही। इसी दौरान बुधवार को मंगेश को चव्हाण के करीबी विनोद राक्षे नाम के एक शख्स ने फोन किया और मिलने के लिए भिवंडी में एक जगह बुलाया। मंगेश और ढाकरगे मोटर साइकल से मौके पर पहुंचे इसी दौरान कार से आए चव्हाण, राक्षे और उनके तीन साथियों ने मंगेश को कार में खींच लिया और लेकर फरार हो गए। सीनियर इंस्पेक्टर आरटी काटकर ने बताया कि शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 363 और 342 के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
यूपी से फरार इनामी अपराधी मुंबई में गिरफ्तार
वहीं उत्तर प्रदेश से फरार एक ईनामी बदमाश को पुलिस ने मुंबई के साकीनाका इलाके से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम अतीक मोहम्मद रऊफ शेख है। शेख उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुख्यात तौकीर गिरोह का सदस्य है। शेख हत्या के चार मामलों में फरार था। साकीनाका पुलिस स्टेशन में तैनात सहायक पुलिस निरीक्षक रऊफ शेख के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस की एक टीम ने उसे साकीनाका इलाके में स्थित उसके घर से पकड़ा जहां वह अपने पिता के साथ रह रहा था। आरोपी झांसा देने के लिए अपना नाम बदलकर अफरोज शेख कर लिया था। शेख के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या के चार, डकैती के सात, हत्या के प्रयास के दो, जबरन वसूली के चार मामलों समेत कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 50 हजार रुपए का ईनाम रखा था। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद साकानीका पुलिस ने प्रतापगढ़ पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंची और आरोपी को उसके हवाले कर दिया गया।
सीनियर इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर
एक वरिष्ठ अधिकारी की करतूत के चलते मुंबई पुलिस को एक बार फिर शर्मसार होना पड़ा है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर शिरीष गायकवाड के खिलाफ दो लाख रुपए घूस मांगने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गायकवाड ने शिकायतकर्ता से एमपीडीए कानून के तहत कार्रवाई की धमकी देते हुए दो लाख रुपए घूस मांगी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने गायकवाड के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
Created On :   13 Jun 2019 4:13 PM GMT