नगर निकाय चुनाव : भाजपा 39, कांग्रेस 30 सीटों पर जीती, 7 पर सिमटी शिवसेना

Local body elections : BJP 39, Congress 30, Shiv Sena won 7 seats
नगर निकाय चुनाव : भाजपा 39, कांग्रेस 30 सीटों पर जीती, 7 पर सिमटी शिवसेना
नगर निकाय चुनाव : भाजपा 39, कांग्रेस 30 सीटों पर जीती, 7 पर सिमटी शिवसेना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश की चार नगर परिषद और एक नगर पंचायत के चुनाव में अध्यक्ष पद पर भाजपा ने दो, कांग्रेस ने दो और शिवसेना ने एक सीट पर कब्जा जमाया है। महादुला (नागपुर) नगर पंचायत और आरमोरी (गडचिरोली) नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा, मलकापुर (सातारा), श्रीगोंदा (अहमदनगर) नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और कर्जत (रायगड) नगर परिषद अध्यक्ष पद पर शिवसेना के उम्मीदवार को जीत मिली है। पांचों नगर परिषद और नगर पंचायतों की कुल 90 सीटों में से भाजपा को 39 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस ने 30 और राष्ट्रवादी कांग्रेस ने 10 सीटों पर कब्जा जमाया है। जबकि शिवसेना को महज 7 सीटें मिल पाई हैं। सीपीआई व बसपा को एक-एक सीट और निर्दलियों को 2 सीटें मिलीं हैं।

पांचों जगहों के चुनाव परिणाम घोषित

सोमवार को राज्य चुनाव आयोग की तरफ से पांचों जगहों के चुनाव परिणाम घोषित किए गए। मलकापुर नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। चव्हाण को झटका देने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने करीबियों को मैदान में उतारा था। लेकिन चव्हाण कांग्रेस का गढ़ बचाने में सफल रहे। यहां की 19 सीटों में से कांग्रेस ने 14 सीटों और भाजपा ने 5 सीटों पर जीत हासिल की। कर्जत नगर परिषद की 18 सीटों के चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस 8 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर ऊभरी। लेकिन शिवसेना, भाजपा और आरपीआई का गठबंधन होने के कारण राकांपा बहुमत हासिल नहीं कर सकी। कर्जत में शिवसेना को 6 और भाजपा को 4 सीटें मिली हैं। श्रीगोंदा नगर परिषद की 19 सीटों में से भाजपा ने 11, कांग्रेस को 6 और राष्ट्रवादी कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं। हालांकि श्रीगोंदा नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस को सफलता मिली है। 

महादुला नपा पर भाजपा का कब्जा 

नागपुर के महादुला नगर पंचायत की 17 सीटों में से भाजपा को 11, कांग्रेस को 4, बसपा को 1 और एक निर्दलीय उम्मीदवार को 1 सीट पर जीत हासिल हुई है। गडचिरोली के आरमोरी नगर परिषद की 17 सीटों में से भाजपा को 8, कांग्रेस को 6, सीपीआई को 1, शिवसेना को 1 और निर्दलीय को 1 सीटें मिली हैं। 
 

Created On :   28 Jan 2019 2:47 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story