केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र को मिले हैं 3 लाख 5 हजार 611 करोड़ रुपए, फडणवीस ने आघाडी को दिया जवाब

Maharashtra has received 3 lakh 5 thousand 611 crore rupees in the Union Budget
केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र को मिले हैं 3 लाख 5 हजार 611 करोड़ रुपए, फडणवीस ने आघाडी को दिया जवाब
केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र को मिले हैं 3 लाख 5 हजार 611 करोड़ रुपए, फडणवीस ने आघाडी को दिया जवाब

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्र सरकार के बजट में महाराष्ट्र के साथ सौतेले व्यवहार  के आरोपों पर विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने आकड़ों के साथ जवाब दिया है। बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र के लिए मंजूर परियोजनाओं और अन्य प्रावधानों को मिलाकर करीब 3 लाख 5 हजार 611 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सड़क, रेलवे, मेट्रो, ब्रिज के निर्माण के लिए आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है। राज्य सरकार से बस इतनी अपेक्षा है कि मुंबई मेट्रो 3 परियोजना की तरह बाकी परियोजनाओं को न रोके। राज्य सरकार केंद्रीय बजट में प्रावधान की गई राशि को अधिक से अधिक खर्च करने का प्रयास करे। 

पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महा विकास आघाडी सरकार के मंत्रियों की ओर से बजट में महाराष्ट्र को कुछ नहीं मिलने आरोप साफ झूठ है। फडणवीस ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अध्ययन करने के लिए उनके विशेषज्ञों ने दस्तावेज तैयार नहीं किया होगा तो मैं मुख्यमंत्री को अध्ययन के लिए सभी जानकारी भेज दूंगा। फडणवीस ने बताया कि बजट में दमणगंगा-पिंजाल लिंक परियोजना के लिए 3008 करोड़ रुपए, हर घर नल का पानी के लिए 1133 करोड़, विदर्भ, मराठवाड़ा और शेष महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित जिलों में सिंचाई सुविधा के लिए 400 करोड़ रुपए, किसान सम्मान निधि के लिए 6823.81 करोड़ रुपए, रेलवे की परियोजनाओं के लिए 1,33,255 कोटी रुपए, मुंबई- अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए 7897 करोड़ रुपए सहित अन्य परियोजनाओं के लिए प्रावधान किए गए हैं। 

मनसे ने नहीं बदली अपनी भूमिका, इस लिए गठबंधन पर चर्चा नहीं

फडणवीस ने दावा किया कि भाजपा और मनसे के गठबंधन को लेकर कोई चर्चा शुरू नहीं है। फडणवीस ने कहा कि मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने हिंदुत्व की भूमिका स्वीकार की है। लेकिन मनसे और भाजपा के विचारों में मूलभूत फर्क है। भाजपा को मराठी भाषियों को न्याय देते समय गैर मराठी भाषी पर अन्याय करने की भूमिका स्वीकार नहीं है। भाजपा की भूमिका मराठी भाषियों को न्याय देते समय गैर मराठी भाषियों को भी न्याय देने की है। मनसे ने अब तक यह भूमिका स्वीकार नहीं की है। 

विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध होने के संकेत

फडणवीस ने कहा कि मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सरकार बहुत घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा के अध्यक्ष पद का चुनाव सर्वसहमति से करने की परंपरा रही है। लेकिन राज्य सरकार विपक्ष से संवाद नहीं करती है। सदन में विपक्ष के अधिकारों का हनन होता है। इसलिए भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ बैठकर अपनी नीति तय करेंगे। फडणवीस ने संकेत दिए हैं कि विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध होगा। 

सावंत और देशमुख के मानसिक संतुलन की जांच हो

फडणवीस ने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर नामचीन हस्तियों की ओर से किए गए ट्वीट की जांच की मांग करने वाले प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत और जांच का आदेश देने वाले राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख के मानसिक संतुलन की जांच होनी चाहिए। फडणवीस ने कहा कि देश की जानमानी हस्तियों ने यही ट्वीट किया था कि ‘हम भारत की संप्रभुता के साथ खिलवाड़ मंजूर नहीं करेंगे।’ उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता पर हमला नहीं होने देने की बात कहना गलत है तो हम सभी को गिरफ्तार करना चाहिए। फडणवीस ने कहा कि जिसे सीआरपीसी की समझ है उसे मालूम है कि किसी व्यक्ति के ट्वीट पर किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा जांच की मांग पर तफ्तीश नहीं हो सकती। इसमें कुछ नहीं होने वाला है। लेकिन यह सरकार की मानसिकता का सवाल है। सरकार को अपने गिरेबान में झाकना चाहिए। भारत रत्न से सम्मानित व्यक्तियों को भी अभिव्यक्ति की आजादी नहीं है। 

पटोले अमेरिका के राष्ट्रपति पर भी बोल सकते हैं 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हमला बोलने वाले प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष नाना पटोले पर फडणवीस ने तंस कसा। उन्होंने कहा कि पटोले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के बारे में भी बोल सकते हैं। वे किसी के बारे में कुछ भी बोल सकते हैं। इसमें किसी को कुछ नया नहीं लगना चाहिए। पटोले की बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। फडणवीस ने कहा कि राज्य में कांग्रेस चौथे स्थान पर है। चौथे नंबर की पार्टी कौन बनेगी। इसको लेकर शिवसेना और कांग्रेस में पिछले दो -तीन सालों से लड़ाई चल रही है। 

मैंने तो पूरी कथा बता दी है 

फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने साल 2019 के विधानसभा चुनाव में शिवसेना को मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई वादा नहीं किया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीते रविवार को सिंधुदुर्ग में यह स्पष्ट कर दिया है। वे पहले भी दो बार इस बारे में बता चुके हैं। फडणवीस ने कहा कि मैंने भी बार-बार पूरी कथा बताई है। 

 

Created On :   10 Feb 2021 3:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story