CAA-NRC प्रदर्शन में शामिल हुए महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी

Mahatma Gandhis grandson Tusshar attends CAA-NRC demonstration
CAA-NRC प्रदर्शन में शामिल हुए महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी
CAA-NRC प्रदर्शन में शामिल हुए महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागपाडा इलाके में नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन में गुरूवार को महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमें यह लड़ाई जारी रखनी है क्योंकि यह संविधान की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह महिलाएं यह लड़ाई लड़ रहीं हैं उन्हें इस पर गर्व है। हालांकि इस दौरान आयोजक दो समूहों में बंट गए हैं और कई लोगों ने इस आंदोलन से अपनी दूरी बना ली है। नागपाडा इलाके में करीब 500 महिलाएं नागरिकता कानून के विरोध में धरने पर बैठीं हैं। बुधवार रात फिल्मकार अनुराग कश्यप भी महिलाओं का समर्थन करने पहुंचे थे। उन्होंने महिलाओं से कहा कि यह बहुत धैर्य की लड़ाई है और लंबी चलेगी। कुछ लोग इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि आपका धैर्य कब खत्म होगा। हमको पहले उन्हें तोड़ना होगा। इस बीच धरने के आयोजकों में मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। राकांपा के नसीम सिद्दीकी के अलावा सपा और कांग्रेस से जुड़े ज्यादातर लोगों ने इससे दूरी बना ली है। वहीं पुलिस लगातार कोशिश कर रही है कि धरना रविवार से पहले खत्म करा लिया जाए क्योंकि रविवार को राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों को निकालने की मांग करते हुए दक्षिण मुंबई में एक रैली करने वाली है। 

पुलिस ने की पत्रकार से बदसलूकी    

धरने पर बैठी महिलाओं की तस्वीर लेने की कोशिश कर रहे फोटो जर्नलिस्ट आशीष राजे के साथ वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने बदसलूकी की है। इससे जुड़ा वीडियों सामने आने के बाद पत्रकार संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। मामले की शिकायत गृहमंत्री अनिल देशमुख व आला पुलिस अधिकारियों से की गई। सभी ने मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। राजे ने बताया कि वे सिर्फ धरने पर बैठी महिलाओं की तस्वीरें लेना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और उनके साथ मारपीट की। 

नांदेड़ में भड़काऊ भाषण देने वाला मोहम्मद सलमान मुम्बई से गिरफ्तार

उधर नांदेड़ में नागरिकता कानून के विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण देने वाले मोहम्मद सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिटा है। पुलिस ने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के साथ मिलकर सलमान को कुर्ला इलाके से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में आईपीसी की धारा 109, 153 और 34 के तहत नांदेड़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। 32 वर्षीय सलमान स्टूडेंट्स इस्लामिक आर्गेनाईजेशन (एसआईओ) का महाराष्ट्र अध्यक्ष है। सलमान ने अपने भाषण में कहा था कि अगर सीएए वापस नही लिया गया तो न वह कानून रहेगा और न ही सरकार। कुछ भी नही रहेगा बाकी सब भी खत्म हो जाएगा। इसके लिए मुस्लिम समुदाय और नौजवान तैयार है। उसने कहा था कि इस मामले में बाबरी मस्जिद की तरह अदालत का फैसला भी नही माना जायेगा। फैसला शाहीन बाग ने कर दिया है उसे सरकार को मानना होगा। आप जितनी देर से मानेंगे आपकी कब्र उतनी ही गहरी खुदेगी। भाजपा नेताओं की शिकायत पर सलमान के खिलाफ इतवारा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद मुंबई में रहने वाले सलमान को स्थानीय पुलिस की मदद से दबोच लिया गया।
 

Created On :   6 Feb 2020 8:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story