बंद की आड़ में भारतीय जनता पार्टी ने सुनियोजित तरीके से दंगे भड़काए

Minister Malik said - Bharatiya Janata Party incited riots in a planned manner under the guise of bandh
बंद की आड़ में भारतीय जनता पार्टी ने सुनियोजित तरीके से दंगे भड़काए
मंत्री मलिक ने कहा बंद की आड़ में भारतीय जनता पार्टी ने सुनियोजित तरीके से दंगे भड़काए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के अल्पसंख्यक विकास मंत्री नवाब मलिक ने दावा किया है कि बंद की आड़ में भारतीय जनता पार्टी ने सुनियोजित तरीके से दंगे भड़काए, इसके लिए पैसे मुंबई से भेजे गए जो विधायक के जरिए लोगों में बांटे गए। मलिक के मुताबिक पूरे महाराष्ट्र में दंगे भड़काने की साजिश थी लेकिन पुलिस ने हालात नियंत्रित कर लिया। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में मलिक ने कहा कि राज्य की जनता ने संयम से काम लिया इसलिए राज्य के दूसरे इलाकों में दंगे नहीं हुए और अमरावती को छोड़कर सभी जगह शांति रही। अमरावती में भी दो समुदायों के बीच कोई दंगा नहीं हुआ। मलिक ने दावा किया कि भाजपा के पूर्व मंत्री अनिल बोंडे और पार्टी के दूसरे नेताओं ने 2 तारीख की रात को दंगे की साजिश रची। कुछ नौजवानों को पैसे और शराब बांटकर अमरावती शहर में दंगे कराने का प्रयास किया गया। पत्थरबाजी हुई, दुकानों को आग लगाई गई। पुलिस जांच में सारी सच्चाई सामने आ गई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जब भाजपा के सारे हथियार समाप्त हो जाते हैं तो दंगों का हथियार निकालकर वे अपनी राजनीति शुरू करते हैं। मालेगांव में राकांपा नगरसेवक के खिलाफ दंगों के मामलों में एफआईआर दर्ज होने को लेकर मलिक ने सफाई दी कि वह नगरसेवक भले राकांपा के टिकट पर चुनाव जीता लेकिन वह बाद में एमआईएम के साथ चला गया था और सिर्फ कागजों पर राकांपा नगरसेवक है। मलिक ने एक बार फिर भाजपा पर सत्ता हासिल करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। 

झूठ की राजनीति कर रहे मलिक

नवाब मलिक ने मीडिया के सामने भाजपा विधायक आशीष शेलार की रजा अकादमी के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात की एक तस्वीर जारी कर दी। इसे लेकर शेलार ने मलिक पर झूठ कराजनीति करने का आरोप लगाया। शेलार ने कहा कि मलिक की ओछी, छोटी और झूठ की राजनीति कभी सफल नहीं होगी। जो फोटो मलिक मीडिया के सामने दिखा रहे हैं उसका और 2021 में होने वाले दंगे का क्या संबंध है। मैं कभी रजा अकादमी कार्यालय में नहीं गया जिस फोटो का हवाला दिया जा रहा है वह 2016-17 में इस्माल जिमखाना में हुई मुलाकात के दौरान की है। राज्य सरकार दंगे रोक नहीं पाई इस असफलता ने बच नहीं सकती। उन्होंने कहा कि सरकार दंगा करने वाले संगठनों और लोगों पर कार्रवाई करे। 

रजा अकादमी पर पाबंदी लगे-भाजपा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा है कि पार्टी की मंगलवार को होने वाले राज्य कार्यकारिणी की बैठक में रजा अकादमी पर पाबंदी का प्रस्ताव लाएगी। इसके अलावा पार्टी रजा अकादमी की जांच के लिए एसआईटी के गठन की भी मांग करेगी। वहीं भाजपा विधायक नितेश राणे ने दावा किया कि रजा अकादमी के कार्यकर्ताओं ने योजनाबद्ध तरीके से राज्य के कुछ इलाकों में हिंसा की। इसलिए रजा अकादमी पर पाबंदी लगाकर उसके पदाधिकारियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब रजा अकादमी के कार्यकर्ता सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैला रहे थे तब पुलिस और खुफिया विभाग क्या कर रहा था। रजा अकादमी को मोर्चा निकालने की इजाजत क्यों दी गई। 

मलिक के खिलाफ प्रदर्शन

भाजपा की अल्पसंख्यक महिला आघाड़ी ने सोमवार को मुंबई के आजाद मैदान में मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सुलताना खान की अगुआई मे किए गए प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया गया कि मलिक लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। अल्पसंख्यकों के विकास की जगह उनका पूरा ध्यान ड्रग्स बेचने वालों और उसका सेवन करने वालों को समर्थन देने पर है। 

सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री रोकने में जुटी साइबर पुलिस

त्रिपुरा हिंसा को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान और बाद राज्य के कुछ इलाकों में हुई हिंसा का घटनाओं के मद्देनजर महाराष्ट्र पुलिस की साइबर सेल सक्रिय हो गई है। साइबर सेल सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्रियों की पहचान कर उन्हें हटाने में जुटी है जिनके जरिए झूठी त्रिपुरा और महाराष्ट्र में हुई हिंसा को लेकर भ्रामक जानकारियां फैलाई जा रही है। मुंबई साइबर सेल की डीसीपी रश्मी करंदीकर ने बताया कि सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है और ऐसी सामग्री लगातार हटाई जा रही है जिनके जरिए समुदायों के बीच नफरत फैले। पुलिस ने पाया है कि कई पुरानी तस्वीरें और वीडियो गलत तथ्यों के साथ साझा कर लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ऐसे काम के लिए इस्तेमाल होने वाले एकाउंट और उसे चलाने वालों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। 
 

Created On :   15 Nov 2021 3:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story