पुलिस महानिरीक्षक के खिलाफ नाबालिग ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, वसई में भी शर्मसार करने वाली करतूत

Molestation complaint against Inspector General of Police
पुलिस महानिरीक्षक के खिलाफ नाबालिग ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, वसई में भी शर्मसार करने वाली करतूत
पुलिस महानिरीक्षक के खिलाफ नाबालिग ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, वसई में भी शर्मसार करने वाली करतूत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस महानिरीक्षक निशीकांत मोरे के खिलाफ एक नाबालिग के छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मोरे फिलहाल पुणे में मोटर ट्रांसपोर्ट विभाग में तैनात हैं। मोरे पर आरोप है कि उन्होंने जन्मदिन समारोह के दौरान लड़की को आपत्तिजनक तरीके से छुआ। मोरे पर कुछ दिनों पहले ही लड़की ने पीछा करने का आरोप लगाया था। हालांकि मोरे दावा कर चुके हैं कि पैसों को लेकर विवाद के बाद उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। गुरूवार को नई मुंबई के तलोजा पुलिस स्टेशन में मोरे के खिलाफ आईपीसी और पाक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। नई मुंबई पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मोरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। मोरे के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 506 और पाक्सो कानून की धारा 8, 9, 10 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मोरे के खिलाफ शिकायत करने वाली 17 वर्षीय लड़की 12वीं की छात्रा है। उसका आरोप है कि इसी साल पांच जून को मोरे अपनी पत्नी और बेटे के साथ उसके घर जन्मदिन की पार्टी में आए थे। पीड़िता के पिता और मोरे के बीच दोस्ती थी। लड़की के मुताबिक केक काटने के बाद मोरे ने उसका एक टुकड़ा उठाकर उसके मुंह पर लगाया इसी दौरान नशे में धुत मोरे ने उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ। कुछ दिनों पहले लड़की ने शिकायत की थी कि मोरे ने कुछ सिपाहियों के साथ कार से उसका उस वक्त पीछा किया था जब वह ट्यूशन से वापस आ रही थी। मामले में पीड़ित परिवार ने दावा किया था कि वे नई मुंबई पुलिस कमिश्नर से मिलने पहुंचे थे तो उन्हें भगा दिया गया था। लेकिन मामला तूल पकड़ने के बाद आखिरकार एफआईआर दर्ज कर ली गई। वहीं मोरे का दावा है कि उन्होंने लड़की के पिता के कहने पर एक फ्लैट खरीदा था लेकिन इमारत अवैध होने के चलते उनका पैसा फंस गया। उन्होंने अपना पैसा मांगा तो उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। 

डेढ़ साल तक बंधक बना करते रहे दुष्कर्म,11 लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर 
 
वहीं पालघर के वसई इलाके में एक 21 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसे डेढ़ साल तक बंधक बनाकर बलात्कार किया गया। बलात्कार के आरोपी के साथ महिला के प्रेम संबंध थे। शिकायत के मुताबिक आरोपी अपने दोस्तों के साथ उसे पिछले साल जुलाई महीने में अपने साथ जबरन ले गया और कुछ दिनों पहले तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपी मारपीट कर उसके साथ बलात्कार किया जाता रहा। पालघर पुलिस के प्रवक्ता हेमंत काटकर ने महिला की शिकायत के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। महिला ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी उसके साथ कॉलेज में पढ़ता था इस दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन 2018 के जुलाई महीने में उसके प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी ने उससे कुछ सादे कागजात और हलफनामें पर दस्तखत कराए जिससे साबित किया जा सके कि महिला ने आरोपी से शादी की है। महिला के मुताबिक बलात्कार के चलते वह एक बच्ची की मां बन गई है। मुख्य आरोपी के साथ उसके परिवार के दूसरे सदस्य भी जबरन बंधक बनाए रखने और प्रताड़ित करने में उसकी मदद करते रहे। कुछ दिनों पहले महिला आरोपियों के चंगुल से छूटी जिसके बाद उसने वसई पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 376, 366 और 342 के तहत बलात्कार, अगवा करने और जबरन बंधक बनाए रखने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। मामले में फिलहाल किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामले की छानबीन पीएसआई कतरे कर रहे हैं।
 

Created On :   26 Dec 2019 10:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story