दूधमुंहे बच्चे को फुटपाथ पर छोड़कर भागी मां, पुलिस का दिल पसीजा जागी ममता

Mother ran away leaving the milk baby on the sidewalk
दूधमुंहे बच्चे को फुटपाथ पर छोड़कर भागी मां, पुलिस का दिल पसीजा जागी ममता
दूधमुंहे बच्चे को फुटपाथ पर छोड़कर भागी मां, पुलिस का दिल पसीजा जागी ममता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अपने चार दिन के दूधमुंहे बेटे को सड़क किनारे फुटपाथ पर छोडकर जाने वाली मां की तलाश पुलिस कर रही है। इस मासूम बच्चे को उसकी मां  रेलवे स्टेशन रोड पर फल बेचने वाली महिला से बातचीत करते हुए कपड़े में लपेटकर फरार हो गई। भूख लगने पर जब बच्चा रोने लगा, तब फल विक्रेता महिला का ध्यान गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद फल बेचने वाली महिला ने अंत में पुलिस को फोन किया। उसके बाद सदर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एक महिला सिपाही ने उस बच्चे को गोद में उठाया और उसे शासकीय अस्पताल पहुंचाया। चर्चा है कि अवैध संबंध के चलते बच्चे की मां को यह कदम उठाना पडा। घटना दीवाली के दूसरे दिन एलआईसी चौक इलाके में हुई। पुलिस ने काफी देर तक उस बच्चे की मां की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के अनुसार सुनीता पराते ( 50) नागपुर रेलवे स्टेशन रोड पर फुटपाथ पर फल बेचती है। सोमवार को दोपहर करीब 3.30 बजे वह फुटपाथ पर फल बेचने बैठी थी। इसी बीच शाम करीब 4 बजे 19-20 वर्षीय युवती उसके पास आई। युवती के हाथ में चार दिन का बच्चा था। वह सुनीता से कुछ दूरी पर सड़क किनारे बैठ गई। उसने अपने बेटे को दूध पिलाया। उसके बाद काफी देर तक प्यार दुलार किया। इस बीच न जाने कब वह अपने मासूम बेटे को कपड़े में लपेटकर छोड़ चली गई। जब बच्चा रोया तब लोगों की भीड़ जमा हो गई, सदर पुलिस तक बात पहुंची। पुलिस ने बच्चे को शासकीय अस्पताल में भर्ती किया है।

फोन पर बात करते - करते गायब हो गई युवती

पहले पुलिस उस बच्चे को सदर थाने लेकर गई। उसके बाद बालकल्याण विभाग और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई। पुलिस ने इस मामले में अपने बच्चे को छोड़कर भागने वाली मां पर धारा 317 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सदर पुलिस फरार महिला की तलाश कर रही है। 


 

Created On :   29 Oct 2019 4:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story