- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला का...
अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला का जन्मदिन मनाने पहुंची मुंबई पुलिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खार इलाके में अकेली रहने वाली 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला कुमुद जोशी उस वक्त हैरान हो गईं जब उन्होंने मुंबई पुलिस उनका जन्मदिन मनाने उनके घर पहुंची। इस दौरान केक भी काटा गया। इसके बाद मुंबई पुलिस के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट से तस्वीरें ट्वीट की गई जिसके बाद लोगों ने मुंबई पुलिस की सराहना की और जोशी को जन्मदिन की बधाई दी। हालांकि कुछ लोगों ने अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक रुप से जाहिर करने के लिए मुंबई पुलिस की आलोचना भी की।
खार के सीनियर इंस्पेक्टर नंदकुमार गोपाले ने बताया कि इलाके ने अकेले रहने वाले सभी बुजुर्गों के बारे में हमने जानकारी इकठ्ठा की है और अक्सर पुलिस वाले उनकी खैरियत पूछने उनके घर जाते हैं। इसी तरह इलाके में रहने वाले बुजुर्गों के घर जाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जातीं हैं। बुजुर्गों को नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं जिससे किसी भी परेशानी की सूरत में वे तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें। एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि मुंबई में बुजुर्गों के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध होते हैं।
यहां बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिनके बच्चे कामकाज या नौकरी के सिलसिले विदेश या किसी और शहर में रहते हैं। ऐसे लोग अपराधियों के आसान शिकार बनते हैं। इसी के मद्देनजर महानगर के सभी पुलिस स्टेशनों को निर्देश हैं कि वे इलाके में अकेले रहने वाले बुजुर्गों से संपर्क में रहें और नियमित अंतराल पर उनका हालचाल लेते रहें। जोशी के परिवार के दूसरे सदस्य विदेश में रहते हैं और फिलहाल ने खार इलाके के अपने घर में अकेली रहतीं हैं।
Created On :   14 July 2019 7:16 PM IST