- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मास्क मुक्ति से पहले मुंबईकरों को...
मास्क मुक्ति से पहले मुंबईकरों को भरना पड़ा है 92 करोड़ रुपए का जुर्माना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबईकरों समेत पूरे महाराष्ट्र को मास्क से मुक्ति मिल गई है लेकिन इससे पहले मुंबई महानगर पालिका रेलवे और मुंबई पुलिस के साथ मिलकर मास्क न पहनने वालों से करीब 92 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूल चुकी है। सार्वजनिक जगहों पर बिना मास्क दिखने वालों से 200 रुपए का जुर्माना वसूला जाता था। मुंबई में 46 लाख 21 हजार 725 लोगों को मास्क न पहनने के चलते जुर्माना भरना पड़ा है। कोरोना संक्रमण की शुरूआत में ही पहले सरकार ने विशेषज्ञों की राय के आधार पर सभी को मास्क पहनने की सलाह दी और फिर उसे जरूरी बना दिया। शुरूआत में तो मुंबई महानगर पालिका ने मास्क न पहनने पर एक हजार रुपए जुर्माने का प्रावधान किया था लेकिन काफी विवाद के बाद इसे कम करके 200 रुपए कर दिया गया। साथ ही रेलवे और मुंबई पुलिस को भी लोगों से जुर्माना वसूलने का अधिकार दे दिया गया। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि 31 मार्च तक महानगर में मास्क न पहनने वालों से कुल 91 करोड़ 91 लाख 79 हजार 75 रुपए जुर्माना वसूला गया था। इसमें से 36 लाख 82 हजार 13 लोगों से बीएमसी कर्मचारियों ने 73 करोड़ 12 लाख 36 हजार 675 रुपए जुर्माने के तौर पर वसूले हैं। इसके अलावा रेल गाड़ियों और रेल परिसर में बिना मास्क पकड़े जाने वाले 23 हजार 891 लोगों से रेलवे कर्मचारियों ने भी 47 लाख 78 हजार 200 रुपए जुर्माना वसूला है।
पुलिस से वापस लिए अधिकार
मुंबई महानगर पालिका ने आदेश जारी कर मुंबई पुलिस से मास्क न पहनने पर जुर्माना वसूलने का अधिकार वापस ले लिया है। जिसके बाद शुक्रवार को मुंबई पुलिस आयुक्त संजय पांडे ने कहा कि अब मुंबई पुलिस लोगों से मास्क न पहनने पर जुर्माना नहीं वसूलेगी। मुंबई पुलिस ने 31 मार्च तक मास्क न पहनने के मामलों में 9 लाख 15 हजार 821 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 18 करोड़ 31 लाख 64 हजार 200 रुपए जुर्माना वसूला है। बीएमसी और मुंबई पुलिस के बीच हुए समझौते के मुताबिक जुर्माने की आधी रकम पुलिस वेलफेयर फंड में भेजी गई है।
Created On :   1 April 2022 10:27 PM IST