- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- जल्द ही शुरु होगी सभी के लिए मुंबई...
जल्द ही शुरु होगी सभी के लिए मुंबई की लोकल ट्रेन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में आम लोगों के लिए लोकल ट्रेनें शुरू होने की उम्मीद और बढ़ गई है। रेल अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार से मुंबई में 204 और लोकल ट्रेनें पटरी पर लौट आएंगी। इसके साथ ही मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की 2985 लोकल ट्रेनें फिर से रोजाना दौड़ने लगेंगी। मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की ओर से बुधवार को जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि शुक्रवार से 95 फीसदी लोकल ट्रेनें पटरी पर लौट आएंगी। लॉकडाइन से पहले मुंबई में रोजाना 3141 लोकल ट्रेनें चलती थीं। सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस संबंध में बैठक के बाद कहा था कि जल्द ही आम लोगों लोकल ट्रेनों में सफर की इजाजत देने का फैसला किया जाएगा। महानगर की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में फिलहाल आत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही सफर की इजाजत है। कम भीड़भाड़ वाले समय में महिला यात्रियों को भी सफर की इजाजत दी गई है।
महानगर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए पिछले साल मार्च में लोकल ट्रेनें रोक दी गई थीं। 15 जून से लोकल फिर शुरू हुईं लेकिन इनकी संख्या बेहद सीमित थी और अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही सफर की इजाजत थी। धीरे-धीरे लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई और फिलहाल मध्य रेलवे की 1580 जबकि पश्चिम रेलवे की 1201 उपनगरीय गाड़ियां रोजाना चलाई जा रहीं हैं। राज्य सरकार से मिले निर्देश के बाद मध्य रेलवे अब शुक्रवार से 1685 जबकि पश्चिम रेलवे 1300 लोकल ट्रेनें रोजाना चलाएगी। रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशानिर्देशों का पालन करें और जिन लोगों को राज्य सरकार और रेल मंत्रालय ने यात्रा की इजाजत दी है वही लोकल ट्रेनों में सफर करें।
Created On :   27 Jan 2021 7:13 PM IST