गैंगस्टर संतोष आंबेकर के आलीशान बंगले पर चला बुलडोजर

Nagpur municipal corporation demolishing illegal bungalow of gangster santosh ambekar
गैंगस्टर संतोष आंबेकर के आलीशान बंगले पर चला बुलडोजर
गैंगस्टर संतोष आंबेकर के आलीशान बंगले पर चला बुलडोजर

डिजिटल डेस्क,  नागपुर । निकालस मंदिर के पीछे अवधूत मंदिर रोड, हमालपुरा स्थित गैंगस्टर संतोष आंबेकर के आलीशान बंगले पर बुलडोजर चला चला तो देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। आंबेकर ने तीन प्लाॅट को मिलाकर यह बंगला बनाया था। आरोप है कि उसने 8640.28 स्के. फीट (803 स्के. मीटर) में अनधिकृत निर्माण कार्य किया था। जानकारों की मानें तो पहले मनपा ने संतोष आंबेकर को अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया था। शासन-प्रशासन को अपनी अंगुलियों पर नचाने वाले आंबेकर ने नोटिस को हल्के में लिया।  दो जेसीबी और एक पोकलेन की मदद से उसके आलीशान बंगले को धराशायी कर दिया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस बंगले को लेकर तरह-तरह की कहानियां सुनी जाती हैं। फिलहाल संतोष आंबेकर अलग-अलग मामलों में जेल में बंद है। हफ्ता वसूली, धमकाना, हत्या, दुष्कर्म सहित विविध संगीन धाराएं उस पर लगी हैं। 

आलीशान बंगले में पनाह ले चुका है रवि पुजारी
 गैंगस्टर संतोष आंबेकर के बंगले को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितना शौकीन है। कहा जाता है कि मुंबई के डॉन दाउद इब्राहिम के करीबी छोटा राजन की स्टाइल में आंबेकर को जीना पसंद है। उसकी सूरत भी छोटा राजन से मेल खाती है।  सूत्रों की मानें तो मुंबई के कई बदमाशों के साथ आंबेकर समुंद्र की सैर करता था। बाकायदा रवि पुजारी भी साथ होता था। यहां तक कहा जा रहा है कि आंबेकर के इस आलीशान में बंगले में दो-तीन बार रवि पुजारी भी पनाह ले चुका है। फरारी के दौरान आंबेकर खुद भी बंगले के अंदर बने गुप्त कमरे में रहता था। बंगले में गुप्त कमरे, घुड़शाल और शानदार बगीचा है। लोगों का मानना है कि अकूत दौलत के दम पर आंबेकर फिर जेल से छूटकर आ जाएगा। इस भय से आंबेकर के सताए हुए लोग मुंह नहीं खोल रहे हैं। मंगलवार को जब उसके बंगले पर बुलडोजर चल रहा था, तब बाहर भीड़ में कई लोगों के चेहरे पर मुस्कान थी। ये ऐसे लोग थे, जिनको किसी न किसी बहाने आंबेकर ने सताया है।

गुप्त कमरे में आने-जाने की नहीं थी इजाजत
जानकारों की मानें तो बंगले के गुप्त कमरे में दो-तीन लोगों के ही जाने की इजाजत है। इस कमरे का गुप्त दरवाजा बंगले के पीछे गली में खुलता है। जब भी पुलिस की बड़ी कार्रवाई होती है, तब आंबेकर उसी रास्ते से फरार हो जाता था।  

रवि पुजारी आया था नागपुर
सूत्रों की मानें तो आंबेकर के इस बंगले में मुंबई के कई गैंगस्टर न जाने कितनी रातें और दिन बिताकर जा चुके हैं। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं करता। खास तौर से रवि पुजारी का नाम आता है। छोटा राजन का खास गुर्गा रवि पुजारी  कई बार इस बंगले का मेहमान बन चुका है।   

जेल जाते ही खुलने लगीं फाइलें
जेल में जाने के बाद मनपा प्रशासन ने भी उसकी फाइलें खंगालनी शुरू कर दी।  पिछले दिनों दारोडकर चौक स्थित उसकी तीन मंजिला इमारत पर बुलडोजर चलाया गया था। यह इमारत खंडहर जैसी पड़ी है। यह मामला शांत नहीं हुआ कि मंगलवार को उसका हमालपुरा स्थित बंगला कार्रवाई की भेंट चढ़ा। मनपा के अतिक्रमण निर्मूलन दस्ते ने सुबह 11.30 बजे यह कार्रवाई शुरू की। मनपा आयुक्त तुकाराम मुंढे ने अतिक्रमण दस्ते को अनधिकृत निर्माणकार्य तोड़ने के निर्देश दिए थे। इस अनुसार यह कार्रवाई की गई।

 बताया गया कि आंबेकर ने तीन प्लाट को मिलाकर बड़ा बंगला बनाया था। उसका एक प्लॉट नेहा संतोष आंबेकर के नाम था। इस प्लाॅट पर 60.15 स्के. मीटर निर्माण कार्य अनधिकृत था। दूसरा प्लाट अमरचंद मदनलाल मेहता के नाम था। इस पर 721.56 स्के. मीटर अनधिकृत निर्माण किया गया था। तीसरा प्लाॅट संतोष आंबेकर के नाम पर था। इस प्लाॅट पर 21.30 स्के. मीटर निर्माण अनधिकृत था। तीनों प्लाॅट पर 803 स्के. मीटर (8640.28 स्के. फीट) अनधिकृत निर्माण था। मनपा उपायुक्त महेश मोरोणे व पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान लकड़गंज पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक नरेंद्र हिवरे, अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक चौधरी, मनपा के सहायक आयुक्त अशोक पाटील, प्रवर्तन िनरीक्षक संजय कांबले सहित उनकी पूरी टीम मुस्तैद रही।
                                                            

Created On :   26 Feb 2020 5:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story