राज्य परिषद की बैठक में होगी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा

Name of state BJP president will be announced in meeting of State Council
राज्य परिषद की बैठक में होगी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा
राज्य परिषद की बैठक में होगी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश भाजपा ने राज्य परिषद की बैठक बुलाई है। दो दिवसीय बैठक 15 और 16 फरवरी को आयोजित की जाएगी। 15 फरवरी को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। जबकि 16 फरवरी को राज्य परिषद की बैठक नई मुंबई के वाशी में होगी। करीब 2 महीने की देरी के बाद राज्य परिषद की बैठक में प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरा करने के बाद 15 दिसंबर तक नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान करने की घोषणा की गई थी लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे, पंकजा मुंडे, राम शिंदे जैसे नेताओं की नाराजगी और तालमेल के अभाव के कारण संगठनात्मक चुनाव समय पर पूरे नहीं हो सके हैं।

पाटील के फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनने की संभावना

पार्टी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील को ही दोबारा प्रदेश भाजपा की कमान मिलना लगभग तय है। सत्ता जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कोई बड़ा दावेदार भी नहीं है। प्रदेश भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि राज्य परिषद की बैठक के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को निमंत्रित किया गया है। राज्य परिषद की बैठक में करीब 10 हजार लोग शामिल होंगे। पार्टी पदाधिकारियों के अलावा विधायक, सांसद, जिला परिषद सदस्य, नगर सेवक, पंचायत समिति सदस्य हिस्सा लेंगे। राज्य के लगभग 24 जिलों में भाजपा के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। बाकी जिलों में जल्द ही नियुक्ति होगी। 

मुंबई भाजपा अध्यक्ष पर सस्पेंस 

मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा के खिलाफ पार्टी के नगरसेवकों, विधायकों और सांसदों के भीतर काफी नाराजगी है। मुंबई भाजपा के अधिकांश पदाधिकारी लोढ़ा की जगह नया अध्यक्ष चाहते हैं। यहां तक कि लोढ़ा के रवैये से जमीनी स्तर के कार्यकर्ता भी नाराज हैं। इस कारण मुंबई भाजपा के अध्यक्ष की घोषणा अभी तक नहीं हो पाई है।  

Created On :   24 Jan 2020 8:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story